धर्मशाला में सरकार के एक वर्ष के जश्न की सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे 1500 पुलिस जवान

punjabkesari.in Wednesday, Dec 06, 2023 - 11:35 PM (IST)

धर्मशाला (तनुज): प्रदेश सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल के पूरे होने के उपलक्ष्य में धर्मशाला में 11 दिसम्बर को होने वाले कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कांगड़ा पुलिस ने भी तैयारियां आरंभ कर दी हैं। इस कार्यक्रम के दौरान 1500 पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने को पैट्रोलिंग को भी बढ़ाया जाएगा। बता दें कि 11 दिसम्बर को कांग्रेस सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर धर्मशाला में कार्यक्रम निर्धारित किया है। कार्यक्रम में कांग्रेस की ओर से करीब 30 हजार लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। इसके चलते धर्मशाला शहर में यातायात सहित अन्य सुरक्षा बिंदुओं को लेकर प्लान तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम वाले दिन शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी योजना बनाई जा रही है।

वाहनों की पार्किंग बनेगी चुनौती
धर्मशाला पुलिस मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस के पास लोगों के वाहनों की पार्किंग चुनौती रहेगी। धर्मशाला में बड़े आयोजनों के दौरान पुलिस मैदान को बतौर पार्किंग स्थल प्रयोग में लाया जाता है, लेकिन इस बार पुलिस मैदान में कार्यक्रम होने के चलते वाहनों को पार्क करवाने को लेकर स्थलों का निर्धारण किया जा रहा है।

राहुल-प्रियंका का हो सकता है रोड शो
सरकार के एक वर्ष कार्यकाल पूर्ण होने पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल होंगी। कार्यक्रम में पहुंचने से पहले दोनों नेताओं का रोड शो करवाने को लेकर भी प्रदेश कांग्रेस द्वारा प्लान बनाया जा रहा है। अभी यह फाइनल नहीं हुआ है लेकिन प्रदेश कांग्रेस नेता इस बारे चर्चा कर रहे हैं।

सभी व्यवस्थाओं को लेकर रूपरेखा तैयार
एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि 11 दिसम्बर को प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए करीब 1500 पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। सभी व्यवस्थाओं को लेकर रूपरेखा तैयार की जा रही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News