हिमाचल पुलिस के जवान का निधन, PGI चंडीगढ़ में इलाज के दौरान तोड़ा दम
punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 04:53 PM (IST)
Sirmour News : हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब सिरमौर जिले में तैनात 42 वर्षीय मुख्य आरक्षी कुलदीप सिंह का बुधवार सुबह निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और पीजीआई चंडीगढ़ में उनका उपचार जारी था। वहीं, उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे और उनके गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, कुलदीप सिंह (नं. 390) पुलिस थाना माजरा, पांवटा साहिब में तैनात थे और वर्ष 2024 से यहां बतौर जांच अधिकारी (आईओ) अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि तीन दिन (19 अप्रैल 2026) पहले वह अवकाश पर गए थे, इसी दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया, लेकिन यहां उपचार के दौरान उन्होंने बुधवार सुबह अंतिम सांस ली। दिवंगत कुलदीप सिंह, पुत्र तुलसी राम, जिला सिरमौर की पच्छाद तहसील के गांव बोहलघाट (डाकघर गागल शिकौर) के निवासी थे।
पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा अंतिम संस्कार
कुलदीप सिंह ने वर्ष 2008 में पुलिस विभाग में बतौर आरक्षी अपनी सेवा शुरू की थी। उन्होंने लंबे समय तक अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। वहीं, उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे और उनके गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि कुलदीप सिंह का अंतिम संस्कार पूरे पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा।

