शिवबाड़ी चौक पर पिकअप जीप से पकड़ा 114 टीन बिरोजा, 2 गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jul 29, 2023 - 10:58 PM (IST)

गगरेट (बृज): हिमाचल प्रदेश से पंजाब को बड़े पैमाने पर बिरोजा तस्करी का खेल बदस्तूर जारी है। गगरेट में 316 टीन बिरोजे के साथ पकड़े गए ट्रक के बाद अब गगरेट पुलिस ने शुक्रवार रात को पिकअप जीप में लादकर पंजाब ले जाए जा रहे बिरोजे के 114 टीन बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात्रि गगरेट पुलिस द्वारा शिवबाड़ी चौक पर लगाए गए नाके पर पुलिस ने शक के आधार पर एक पिकअप जीप को रोक कर जांच की तो पाया कि उसमें खाली क्रेट के पीछे 114 बिरोजे के टीन ले जाए जा रहे थे। इस बाबत वाहन चालक और उसका साथी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर पुलिस ने बिरोजा सहित गाड़ी को जब्त कर मामला दर्ज कर 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बिरोजे की खेप हमीरपुर से लाई जा रही थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान चालक अभिषेक निवासी चैकी जम्बाला (हमीरपुर) और संजीव कुमार निवासी मुठाण कुठेड़ा (हमीरपुर) के रूप में हुई है। डीएसपी डॉ. वसुधा सूद ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

उत्तर भारत की सबसे बड़ी लकड़ी मंडी के रूप में विख्यात है होशियारपुर
दरअसल पंजाब में वन संपदा की खरीद-फरोख्त खुली होने के कारण पंजाब का सीमावर्ती शहर होशियारपुर उत्तर भारत की सबसे बड़ी लकड़ी मंडी के रूप में विख्यात है। इसके साथ ही यहां बिरोजा व कोयला व्यापारी भी बड़े पैमाने पर हैं। यही वजह है कि पंजाब को वन संपदा की तस्करी धड़ल्ले से हो रही है। कभी बिरोजा की एशिया की सबसे बड़ी मंडी होने के चलते अभी भी होशियारपुर में बिरोजा व्यापारी इस कारोबार में लगे हैं। पंजाब में चीड़ के पेड़ नहीं होने के चलते वहां तो बिरोजा नहीं निकलता, लेकिन इन व्यापारियों का सारा व्यापार हिमाचल से जाने वाले बिरोजे पर ही टिका हुआ है। यही वजह है कि अधिकांश बिरोजा तस्कर बिना परमिट का माल भी यहां से निकाल कर होशियारपुर पहुंचा रहे हैं। 

पर्याप्त साक्ष्य न मिलने से बच गए थे तस्कर
इससे पहले गगरेट पुलिस द्वारा पकड़े गए 316 बिरोजा टीन के मामले में पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किए गए जाली परमिट पर भी होशियारपुर की ही एक पार्टी का नाम था, लेकिन उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य न मिलने के चलते वह बच गया था। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News