जीका परियोजना के तहत केंद्र से मांगे 1104 करोड़ रुपए : जयराम

punjabkesari.in Tuesday, Feb 11, 2020 - 01:10 PM (IST)

धर्मशाला : जीका परियोजना के तहत 1104 करोड़ रुपए के दूसरे चरण को निधिकरण के लिए प्रस्तुत किया गया है, जो राज्य के सभी 12 जिलों में कार्यान्वित की जाएगी। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को धर्मशाला में फसल विविधीकरण का किसानों की आय और खाद्य सुरक्षा पर प्रभाव विषय पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण की राशि केंद्र से जारी होने के बाद जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार सौर बाड़बंदी परियोजना आरंभ करेगी। उन्होंने कहा कि जीका के साथ कई सालों से प्रदेश सरकार के प्रोजैक्ट चले हुए हैं।

वर्तमान में भी एक प्रोजैक्ट चल रहा है तथा इसके बहुत अच्छे परिणाम देखने को मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जितना भी कृषि पर आधारित सैक्टर में काम चल रहा है उसमें बहुत कम कृषि क्षेत्र अभी तक सिंचित हुआ है उसको जीका की परियोजना की सहायता से बढ़ाने के लिए कार्य किया जा रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के किसानों की आय वर्ष 2022 तक दोगुना करने के उद्देश्य से राज्य सरकार किसान संगठनों और स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण, कृषि विविधीकरण योजनाओं को लागू करने और मूल्यवर्धन आदि पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि कृषि विभाग ने कृषि विविधीकरण के लिए 5 जिलों में जीका को एक ऋण परियोजना प्रस्तावित की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 59 मंडियों का निर्माण किया है ताकि किसानों को उनके उत्पादन के बेहतर दाम मिल सकें। मंडियों तक किसानों की पहुंच सुगम बनाने के लिए और मंडियों के निर्माण की आवश्यकता है और इन्हें राष्ट्रीय कृषि मार्कीट से जोड़ा जाएगा। जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर कई स्मारिकाओं और प्रकाशनों का विमोचन किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kirti

Recommended News

Related News