वीरभद्र सरकार ने देवभूमि को नशे की भूमि के रूप में किया विख्यात : धूमल

punjabkesari.in Saturday, Mar 18, 2017 - 06:06 PM (IST)

ऊना: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने आरोप लगाया है कि वीरभद्र सरकार ने देवभूमि को नशे की भूमि के रूप में विख्यात कर दिया है। शनिवार को हरोली में माफिया राज हटाओ-प्रदेश बचाओ रैली को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने कहा कि चंडीगढ़ के एस.एस.पी. द्वारा हाईकोर्ट में दिए हल्फनामे से हिमाचल की बदनामी हुई है। इसके लिए प्रदेश सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने पर नशा माफिया को पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाएगा। धूमल ने नशा बेचने वालों को आगाह किया कि या तो वे धंधा छोड़ें या फिर जेल जाने के लिए तैयार रहें। धूमल ने कहा कि चिट्टा माफिया की हर जगह चर्चा हो रही है। यह चिट्टा ही सरकार को ले डूबेगा। उन्होंने कहा कि सरकार आने पर हरोली क्षेत्र में फैले चिट्टा माफिया से जनता को निजात दिलाई जाएगी। 

प्रदेश में विकास नहीं माफियाओं का बोलबाला 
पूर्व सी.एम. ने कहा कि प्रदेश में विकास नहीं बल्कि माफियाओं का बोलबाला है। नशे के साथ-साथ प्रदेश में बड़े स्तर पर रेत माफिया और वन माफिया का भी दबदबा हो चुका है। खुद वन मंत्री और मुख्यमंत्री के क्षेत्र में पेड़ काटे गए, जांच भी हुई लेकिन इसे दबा दिया गया। कोई कार्रवाई नहीं हुई। हरोली क्षेत्र में मंत्री के गांव में भी वन माफिया ने वन विभाग की टीम पर हमला बोला, मामला विधानसभा में उठा, तब जाकर कुछ हरकत हुई। धूमल ने कहा कि वह उस समय हैरान रह गए जब दूसरे प्रदेशों को जा रहे रेत से भरे हुए टिप्परों की लम्बी लाइनों को देखा। पूछने पर पता चला कि ये रेत के टिप्पर ऊना के स्वां से ले जाए जा रहे थे। एक-एक टिप्पर दूसरे राज्यों में 50-50 हजार रुपए में बेचा गया। 

हिमाचल के उद्योग उगाही की मार से त्रस्त 
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के उद्योग उगाही की मार से त्रस्त हैं। एक तरफ कांग्रेस की पूर्व केंद्र सरकार ने औद्योगिक पैकेज खत्म किया, जिससे हिमाचल में औद्योगिक क्रांति थम गई तो वहीं दूसरी ओर उद्योगों से की जा रही उगाही से उद्योगपति परेशान हैं। धूमल ने कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस पार्टी ने बड़े स्तर पर बंदरों को खत्म करने, प्रत्येक गांव में गौशाला खोलने और जंगली जानवरों का मुद्दा उठाया था लेकिन 4 साल बाद भी इन मामलों का कोई हल नहीं हुआ है। धूमल ने कहा कि अब यही बंदर और बेसहारा जानवर कांग्रेस के गले की फांस बनेंगे और सरकार को ले डूबेंगे।

स्वां चैनेलाइजेशन परियोजना भाजपा की देन 
पूर्व सी.एम. ने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाले नेताओं को याद रखना चाहिए कि ऊना की सबसे बड़ी स्वां चैनेलाइजेशन परियोजना भाजपा की देन रही है। कांग्रेस के विधायक तो इस परियोजना के शिलान्यास को लेकर लड़ रहे हैं। धूमल ने कहा कि कांग्रेस के विधायक तो मुख्यमंत्री के साथ कार में बैठने को लेकर भी आपस में झगड़ पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि हरोली की खड्डों पर पुल भाजपा सरकार के समय पड़े तो जापान से विशेष तौर पर सिंचाई के लिए रिगे लाई गईं। अब तो हरोली की सड़कों की हालत दयनीय हो चुकी है और गड्ढे यहां के विकास के दावों की हवा निकाल रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News