BJP ने इन 3 पदाधिकारियों पर लगा भितरघात का आरोप, सत्ती को भेजा प्रस्ताव

punjabkesari.in Saturday, Dec 09, 2017 - 11:49 PM (IST)

सरकाघाट: सरकाघाट मंडल भाजपा की मासिक बैठक सरकाघाट में मंडल अध्यक्ष रूपलाल रत्न की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सरकाघाट के विधायक एवं भाजपा प्रत्याशी कर्नल इंद्र सिंह ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में 107 बूथों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस मौके पर चुनावों की समीक्षा करते हुए पार्टी के 3 पदाधिकारियों को चुनावों में भाजपा प्रत्याशी के विरुद्ध भितरघात करने के लिए उन्हें बाहर निकाले हेतु प्रस्ताव पास किया गया और कार्रवाई के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती को भेजा गया। मंडल की बैठक में विधानसभा क्षेत्र के 107 बूथों के पदाधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट पेश की, इसमें उन कार्यकर्ताओं बारे जिक्र किया गया जिन्होंने पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ  कार्य किया था।

बख्शी नहीं जाएंगी भितरघात करने वाली काली भेड़ें
इस मौके पर कर्नल इंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पार्टी में स्वच्छ छवि व ईमानदारी से कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को ही तरजीह दी जाएगी। पार्टी के साथ भितरघात करने वाली काली भेड़ों को बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा। मंडल भाजपा की समीक्षा बैठक में कुछ बूथों पर पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकत्र्ताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों का दोषी माना गया। इस पर मंडल ने सरकाघाट भाजपा से टिकट के दावेदार रहे जिला महामंत्री दलीप ठाकुर, जिला किसान मोर्चा महामंत्री राजेंद्र भुट्टो एवं मंडल उपाध्यक्ष सुदेश चंदेल के नाम अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती को भेजे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News