नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म मामले में नया मोड़

punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2015 - 12:47 AM (IST)

अम्ब: उपमंडल अम्ब के तहत एक गांव में नाबालिग छात्रा का अपहरण करने के बाद हुए रेप के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। छात्रा ने उसके साथ हुए दुष्कर्म से इंकार कर दिया है। शुक्रवार को डीएसपी अम्ब को दी गई शिकायत में लड़की ने बयान दिया है कि वह उस दिन अपने चाचा के घर गई थी।

 

बता दें कि गत दिनों अम्ब पुलिस थाना में दर्ज हुए अपहरण व रेप के मामले में लड़की के पिता ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 5 अक्तूबर को उसकी बेटी (9वीं कक्षा की छात्रा) स्कूल गई थी लेकिन न वह स्कूल पहुंची और न ही छुट्टी के बाद घर वापस आई। लड़की के पिता ने स्कूल से सटे एक गांव के एक युवक पर शक जताया था कि वह उसकी लड़की का एक सप्ताह से पीछा कर रहा था और उसे लड़की के साथ देखा गया था। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लड़की की तलाश शुरू कर दी और लड़की को स्कूल से सटे जंगल में युवक के साथ बरामद कर लिया। पुलिस ने जहां आरोपी युवक को विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया, वहीं लड़की का मैडीकल करवाने के बाद रेप व पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया था।

 

डीएसपी अम्ब जितेन्द्र चौधरी का कहना है कि लड़की द्वारा एक लिखित पत्र दिया गया है, जिसमें उसने अपहरण व अपने साथ हुए दुष्कर्म से इंकार किया है। लड़की ने बताया है कि वह उस दिन अपने चाचा के घर थी। वह अपना बयान कोर्ट में कलमबद्ध करवाएगी। दूसरी तरफ पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपी को शुक्रवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां पुलिस ने आरोपी का दोबारा से 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News