आईजीएमसी में स्क्रब टाइफस के 9 नए मामले

punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2015 - 11:11 PM (IST)

सभी तरह के बुखार के लिए डाक्सी देने के निर्देश
शिमला:
प्रदेश में स्क्रब टाइफस के मामलों को देखते हुए सभी स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सकों को किसी भी तरह के बुखार में डाक्सी साइक्लिन देने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस संबंध में वीरवार को स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक निर्देश जारी किए। स्क्रब टाइफस के बढ़ते मामलों को देखते हुए इस तरह के निर्देशों को जारी किया गया है। इस संबंध में प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। आईजीएमसी में स्क्रब टाइफस के 9 नए मामले सामने आए हैं। चिकित्सक इनके स्वास्थ्य पर नजर रख रहे हैं।

 

प्रदेश में अभी तक स्क्रब टाइफस की जांच के लिए 3060 टैस्ट हो चुके हैं और इनमें से 600 में स्क्रब टाइफस की पुष्टि हुई है। स्क्रब टाइफस के कारण अभी तक कुल 16 मौतें प्रदेश में हो चुकी हैं। इतनी तादाद में मामलों के सामने आने के बाद इस संबंध में चिकित्सकों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम और कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को डीडीयू में स्क्रब टाइफस पर कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इस कार्यशाला में बीएमओ व चिकित्सकों को स्क्रब टाइफस की जानकारी दी जाएगी कि आखिर कोई भी बुखार स्क्रब टाइफस हो सकता है इसलिए उसे स्क्रब टाइफस मानकर उसकी दवा सबसे पहले दें और बुखार की अन्य दवा प्रदान न की जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए