नत्था सिंह के दमखम से नतमस्तक हुआ बुढ़ापा
punjabkesari.in Friday, Apr 01, 2016 - 12:13 AM (IST)

पालमपुर: फौलादी इरादों के आगे आयु भी नतमस्तक होती दिख रही है। जीतोड़ परिश्रम व दृढ़ इच्छाशक्ति के सहारे पालमपुर उपमंडल का नत्था सिंह आज भी पदक पर पदक बटोरने में जुटा है। नत्था सिंह से कम आयु के खिलाड़ी भी नत्था सिंह के सामने ठहर नहीं पा रहे हैं। कभी राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने वाले नत्था सिंह 70 की आयु पार करने के बाद भी उसी दमखम से आगे बढ़ रहे हैं।
हाल ही में ऊना जनपद में आयोजित राज्य स्तरीय मास्टर एथलैटिक प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी सर्वोच्चता सिद्ध की है। उन्होंने लंबी कूद, शॉटपुट, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, 100 मीटर व 400 मीटर आदि में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्हें प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि वह निरंतर 3 घंटे अभ्यास करते हैं और संतुलित आहार के कारण वर्तमान समय में भी अपने को फिट रखकर इन प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।