घर में गूंजनी थी शहनाई, अब मच गई चीख-पुकार; हमीरपुर के युवक की साउथ अफ्रीका में संदिग्ध मौत; स्विमिंग पूल में मिला शव

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 03:11 PM (IST)

Hamirpur News : हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के उपमंडल बड़सर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां दक्षिण अफ्रीका गए 26 वर्षीय युवक अमन कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। अमन का शव वहां एक स्विमिंग पूल में बरामद हुआ है, जिससे उसकी मौत पर रहस्य गहरा गया है। इस सूचना के बाद महारल पंचायत के काली चीक गांव में मातम पसरा हुआ है।

रोजगार के लिए गया था विदेश

जानकारी के अनुसार, अमन कुमार पिछले साल दिवाली के बाद ही बेहतर भविष्य और रोजगार की तलाश में दक्षिण अफ्रीका गया था। वहां वह एक होटल में कार्यरत था। अमन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता उधम सिंह ने मेहनत-मजदूरी और शादियों में बैंड बजाकर अपने बेटे को होटल मैनेजमेंट का कोर्स करवाया था ताकि वह परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार सके। अमन की दो बहनें हैं, जिनकी शादी पहले ही हो चुकी है।

घर में गूंजनी थी शहनाई, अब मच गई चीख-पुकार

अमन की मौत की खबर ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है। बताया जा रहा है कि अमन ने करीब तीन महीने पहले ही केरल की एक युवती से कोर्ट मैरिज की थी। परिवार अब घर पर रीति-रिवाजों के साथ उनकी शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जिस घर में बेटे के सिर पर सेहरा बांधने का इंतजार हो रहा था, वहां अब उसके शव के आने का इंतजार हो रहा है।

सरकार से मदद की गुहार

स्विमिंग पूल में शव मिलने की घटना ने इसे संदिग्ध बना दिया है, जिसकी वहां की स्थानीय एजेंसियां जांच कर रही हैं। इधर, गमगीन पिता ने सरकार और विदेश मंत्रालय से अपील की है कि उनके बेटे के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द वतन लाने में मदद की जाए। बताया जा रहा है कि शव को भारत पहुंचने में करीब 15 से 20 दिन का समय लग सकता है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News