हमीरपुर में हादसा! टेंट लगाते समय करंट की चपेट में आए 2 युवक, अस्पताल में भर्ती
punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 02:09 PM (IST)
Hamirpur News : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के अंतर्गत उपमंडल नादौन के जलाड़ी क्षेत्र में शनिवार को एक घर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा पेश आया। यहां टेंट लगाने का कार्य कर रहे दो विद्युत लाइन की चपेट में आने से झुलस गए।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक जलाड़ी में एक निजी समारोह के लिए टेंट की व्यवस्था कर रहे थे। टेंट को मजबूती देने के लिए जब उन्होंने एक रस्सी को दूसरी ओर फेंका, तो रस्सी गलती से पास से गुजर रही बिजली की नंगी तारों से टकरा गई। रस्सी के माध्यम से करंट तेजी से उतरा और दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना जबरदस्त था कि दोनों युवक नीचे जा गिरे।
स्थानीय लोगों ने दिखाया साहस
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया। अचानक हुई इस घटना से कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल में उपचाराधीन युवकों की जांच कर रहे चिकित्सकों ने बताया कि करंट के कारण उनके हाथों, बाजुओं और टांगों पर गहरे जख्म हुए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति अब स्थिर बनी हुई है और वे खतरे से बाहर हैं।

