Bilaspur: सड़क पर संदिग्ध हालात में घूम रहा था युवक...पुलिस को देख उड़े होश, फिर तलाशी में खुला ये राज
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 02:55 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोट कहलूर पुलिस की टीम ने टोबा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक 31 वर्षीय युवक को 9.51 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत दिवस थाना कोट कहलूर पुलिस की एक टीम टोबा क्षेत्र में नियमित गश्त और चैकिंग पर थी। इसी दौरान पुलिस जवानों की नजर एक युवक पर पड़ी, जो संदिग्ध परिस्थितियों में वहां घूम रहा था। पुलिस को देखते ही युवक घबराने लगा, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया। पुलिस टीम ने तुरंत युवक को रोककर शक के आधार पर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 9.51 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान गुरिंद्र सिंह (31) निवासी गांव नंद बहल, डाकघर टोबा, तहसील श्री नयना देवी जी व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में ले लिया।
इस मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी यह चिट्टा कहां से लाया था और वह इसे किसे बेचने जा रहा था। नशे के मुख्य स्रोत (बैकवर्ड लिंकेज) और इस तस्करी के नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए तफ्तीश जारी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

