Kangra News: घर में पेंट करते समय HT लाइन की चपेट में आया 22 वर्षीय युवक, टांडा अस्पताल में तोड़ा दम

punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 12:40 PM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश से रोजी-रोटी कमाने हिमाचल आए एक 22 वर्षीय प्रवासी युवक की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा भवारना थाना क्षेत्र के अंतर्गत पेश आया, जहां एक घर में रंग-रोगन (पेंट) का काम करते समय युवक बिजली की हाईटैंशन लाइन की चपेट में आ गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के रहने वाले 22 वर्षीय आकाश ने 7 जून को भवारना इलाके में किसी के घर में पेंट करने का काम पकड़ा था। जब वह काम में जुटा हुआ था ताे अचानक उसका हाथ घर के बिल्कुल पास से गुजर रही हाईटैंशन बिजली की तारों से जा टकराया। तारों में दौड़ रहे करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के तुरंत बाद, वहां मौजूद लोग उसे आनन-फानन में पास के स्थानीय अस्पताल ले गए, लेकिन करंट लगने के कारण आकाश की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज (टांडा) रैफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान आकाश ने दम ताेड़ दिया।

वहीं पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया और उसके बाद परिजनों को सौंप दिया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News