Una: शराब ठेके के विरोध में उतरी नारी शक्ति, दौलतपुर चौक-पिरथीपुर सड़क पर किया चक्का जाम

punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 07:37 PM (IST)

दौलतपुर चौक (परमार): ऊना जिला के अंतर्गत आते डंगोह खास गांव में शराब का ठेका खोले जाने के विरोध में स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित महिलाओं ने दौलतपुर चौक-पिरथीपुर मुख्य सड़क मार्ग पर बैठकर सांकेतिक धरना दिया। इस प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप और विभागीय आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

स्थानीय ग्रामीणों और प्रदर्शन कर रही महिलाओं का स्पष्ट कहना था कि जिस जगह पर शराब का ठेका खोला जा रहा है, वह गांव का मुख्य मार्ग है। यहां से दिनभर महिलाओं, स्कूली बच्चों और आम लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में मुख्य मार्ग पर ठेका खुलने से गांव का माहौल खराब होगा। महिलाओं ने साफ चेतावनी दी है कि वे किसी भी सूरत में इस स्थान पर शराब का ठेका नहीं खुलने देंगी। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने सड़क पर बैठकर अपना कड़ा रोष व्यक्त किया।

सड़क जाम और धरने की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। दौलतपुर पुलिस चौकी प्रभारी एसआई  रवि पाल के नेतृत्व में एएसआई कुलभूषण और एएसआई जरनैल सिंह की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने सड़क पर धरने पर बैठी महिलाओं को काफी देर तक समझाया और उनके गुस्से को शांत किया। पुलिस की समझाइश के बाद महिलाओं ने रास्ता छोड़ दिया और कुछ ही देर में ट्रैफिक सुचारू रूप से बहाल करवा दिया गया।

गांववासियों के मुताबिक इस हंगामे के दौरान आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों से भी संपर्क किया गया। बातचीत के बाद यह सुनिश्चित किया गया है कि शुक्रवार सुबह 10 बजे विभागीय अधिकारी स्थानीय लोगों के साथ एक बैठक करेंगे। इस बैठक में ठेके की जगह को लेकर चर्चा की जाएगी और मुद्दे का उचित समाधान निकाला जाएगा। दौलतपुर चौकी प्रभारी एसआई रवि पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि धरने पर बैठी महिलाओं से बातचीत कर उन्हें शांत करवा दिया गया था। उन्हें इस बात से संतुष्ट किया गया है कि शुक्रवार सुबह विभागीय अधिकारी इस मामले को लेकर गांव वालों से सीधे बातचीत करेंगे और विवाद का उचित हल तलाशा जाएगा। 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News