''हिमाचल दिवस'' पर CM सुक्खू ने की बड़ी घोषणाएं, अब किन्नौर की महिलाओं को हर महीने मिलेंगे ₹1500
punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 01:15 PM (IST)
हिमाचल डेस्क। हिमाचल में किन्नौर के रिकांगपिओ में मिनी स्टेडियम में 'हिमाचल दिवस' के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खु ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी लेते हुए प्रदेश की जनता को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने जनता के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
किन्नौर की महिलाओं को हर महीने ₹1500
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए एक बड़ी घोषणा की है। उन्होनें कहा कि अब किन्नौर जिले की 21 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। इस कदम का मुख्य उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
चतुर्थ श्रेणी (Class-4) कर्मचारियों के लिए राहत
प्रदेश के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए भी मुख्यमंत्री ने पिटारा खोला है। उन्होंने एलान किया कि 1 जनवरी 2022 से 31 दिसंबर 2022 के बीच रिटायर हुए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की रुकी हुई ग्रेच्युटी (Gratuity) और लीव इनकैशमेंट (Leave Encashment) का भुगतान मई महीने में कर दिया जाएगा। इससे उन बुजुर्ग कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी जो लंबे समय से अपने हक के पैसे का इंतजार कर रहे थे।
शिक्षा और पुलिस विभाग में सुधार
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने केवल वित्तीय सहायता ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक सुधारों पर भी जोर दिया। उन्होंने शिक्षा और पुलिस विभाग से जुड़ी कई नई योजनाओं का जिक्र किया, जिनसे आने वाले समय में कार्यप्रणाली और सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है।
विकास और परंपरा का संगम
रिकांगपिओ में आयोजित यह समारोह दौरान मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि उनकी सरकार समाज के हर वर्ग—चाहे वह महिलाएं हों, कर्मचारी हों या युवा—सभी के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

