Shimla: राहुल गांधी के खिलाफ धमकी भरी बयानबाजी पर भड़की महिला कांग्रेस, डीसी कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन

punjabkesari.in Wednesday, Sep 18, 2024 - 09:21 PM (IST)

शिमला (राक्टा): लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा और सहयोगी दल के नेताओं द्वारा दिए गए विवादित और धमकी भरे बयान पर कांग्रेस भड़क गई है। इसी कड़ी में बुधवार को महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष जैनब चंदेल के नेतृत्व में महिला कांग्रेस ने डीसी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान राहुल गांधी के खिलाफ विवादित और धमकी भरे बयान देने वाले नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनकी गिरफ्तारी की मांग उठाई। जैनब चंदेल ने कहा कि भाजपा देश में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हिंसक बयानबाजी भाजपा के चरित्र को प्रदर्शित करती है। जैनब चंदेल ने कहा कि कांग्रेस भाजपा के किसी भी षड्यंत्र को कभी सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि देश ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगा, जो सांप्रदायिक सौहार्द को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। इस प्रदर्शन में शिमला नगर निगम की उपमहापौर उमा कौशल, पार्षद कांता सुयाल, उर्मिला कश्यप, महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बृंदा सिंह, महिला कांग्रेस महासचिव शांता राजटा, शशि ठाकुर व सत्या वर्मा सहित अन्य पार्टी कार्यकर्त्ता मौजूद थे।

देश व राहुल गांधी से मांगें माफी : प्रतिभा सिंह
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भाजपा नेताओं की हिंसक बयानबाजी पर कड़ा एतराज जताते हुए इसकी निंदा की है। उन्होंने कहा है कि भाजपा को अपने नेताओं के विवादित बयानों के लिए देश व राहुल गांधी से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या हिंसक बयानबाजी देश में लोकतंत्र के लिए एक बड़ा खतरा है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News