आफत की बारिश: सोलन में मकान गिरने से महिला की मौत, 4 बच्चाें के सिर से उठा मां का साया
punjabkesari.in Tuesday, Sep 02, 2025 - 11:58 AM (IST)

हिमाचल डैस्क: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर आसमानी आफत टूट पड़ी है। जानकारी के अनुसार सोलन जिले के दून निर्वाचन क्षेत्र की ग्राम पंचायत भावगुडी के बस्तला गांव में भारी बारिश के चलते मकान गिर गया, जिसके चलते मकान के भीतर साे रही महिला की मौत हो गई है। मृतका की पहचान हेमलता (40) के रूप में की गई है। महिला अपने पीछे तीन बेटियां, एक बेटा छाेड़ गई है। घर में 85 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग महिला भी है। वहीं प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार कृष्णगढ़ सूरत सिंह ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का दौरा किया तथा प्रभावित परिवार काे 20 हजार रुपए की फाैरी राहत प्रदान की है।
वहीं सोलन जिला के अर्की इलाके में भी बारिश का कहर देखने को मिला। यहां एक मकान भारी बारिश के कारण पूरी तरह से जमींदोज हो गया। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक इसमें कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है, लेकिन घर के गिरने से लाखों रुपए का नुक्सान आंका जा रहा है।
बीती रात से प्रदेश के कई जिलों में हो रही मूसलधार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं, वहीं जगह-जगह लैंडस्लाइड की घटनाएं हो रही हैं। इन हालातों में अब तक 4 नैशनल हाईवे सहित कुल 1277 सड़कें पूरी तरह बंद हो चुकी हैं। वहीं 3207 बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप्प हो जाने से कई इलाकों में अंधेरा पसरा है। 790 पेयजल योजनाएं प्रभावित हो गई हैं। भारी भूस्खलन के चलते चंडीगढ़-मनाली फोरलेन मार्ग भी बंद हो गया है, जिससे यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया है। सैलानियों और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।