पति से मामूली कहासुनी के बाद महिला ने फंदा लगाकर दी जान, 7 साल पहले की थी काेर्ट मैरिज

punjabkesari.in Tuesday, Aug 24, 2021 - 08:10 PM (IST)

चम्बा (काकू चौहान): चम्बा जिले के कंदला क्षेत्र के रामपुर में एक महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी है। पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। निशा (25) पत्नी दुनी चंद निवासी रामपुर मंगलवार को अपने घर पर थी। सुबह किसी बात को लेकर पति-पत्नी में मामूली कहासुनी हो गई। इसके बाद पति काम के सिलसिले में घर से बाहर चला गया। दोपहर करीब 12 बजे वह घर वापस लौटा। जब घर के अंदर गया तो निशा को फंदे से लटका हुआ पाया। यह देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। वह चिल्लाने लगा। उसके शोर मचाने पर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए और महिला को फंदे से नीचे उतारा लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
PunjabKesari, Ruckus Image

पुलिस ने दर्ज किए परिजनों के बयान

मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए। इसके अलावा घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लिया। निशा की करीब 7 साल पहले दुनी चंद के साथ शादी हुई थी। उन्होंने कोर्ट मैरिज की थी। उनके 2 बच्चे भी हैं। एसपी अरूल कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम से पहले पति के साथ हाथापाई

जब महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लाया गया तो महिलाओं ने अस्पताल के बाहर निशा के पति को घेर लिया। उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी और जमकर हंगामा किया। अस्पताल के सुरक्षा कर्मी व पुलिस कर्मियों ने बीच बचाव किया और मामला शांत किया। बाद में पुलिस की कड़ी सुरक्षा में महिला के शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News