हिमाचल के 5 जिलों का माइनस में तापमान, इस दिन से फिर बिगड़ेंगे मौसम के मिजाज

punjabkesari.in Thursday, Feb 06, 2020 - 08:59 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में शीतलहर के कारण 5 जिलों का तापमान माइनस में चला गया है। जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति व किन्नौर में पारे के शून्य से काफी नीचे पहुंच जाने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा लेकिन 11 फरवरी को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम करवट लेगा और उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फ बारी व वर्षा का अनुमान है।

केलांग में तापमान -12.6 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड

मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक वीरवार को लाहौल-स्पीति सबसे ठंडा जिला रहा। बुधवार की रात जिला मुख्यालय केलांग में तापमान -12.6 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह किन्नौर के कल्पा में तापमान -6.8 डिग्री और कुल्लू के विख्यात पर्यटन स्थल मनाली में -3.4 डिग्री सैल्सियस रहा। शिमला जिला में भी ठंड कहर बरपा रही है। पर्यटन स्थल मनाली में न्यूनतम तापमान -1.2 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसी तरह चम्बा जिला के डल्हौजी में पारा -0.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

प्रमुख शहरों का पारा जमाव बिंदु के करीब

इसके अलावा कई अन्य प्रमुख शहरों का पारा जमाव बिंदु के करीब दर्ज किया गया। सोलन, शिमला, पालमपुर, भुंतर और सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 0.6 डिग्री, 0.7 डिग्री, 1 डिग्री, 1.3 डिग्री और 1.9 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड हुआ। धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री, चम्बा व जुब्बड़हट्टी में 3 डिग्री, कांगड़ा में 3.2 डिग्री, ऊना में 3.8 डिग्री, हमीरपुर में 4.7 डिग्री, बिलासपुर में 5 डिग्री, मंडी में 7.1 डिग्री, नाहन में 7.7 डिग्री और पांवटा साहिब में 10 डिग्री सैल्सियस रहा।

4 दिन तक शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि अगले चार दिन राज्य भर में मौसम शुष्क रहेगा। 11 व 12 फरवरी को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बर्फ बारी की संभावना है जबकि अन्य इलाकों में मौसम साफ रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News