Weather Update: हिमाचल में सुबह-शाम बढ़ी ठिठुरन, शिमला से ज्यादा ठंडी हुईं इन 3 जिलों की रातें

punjabkesari.in Friday, Nov 20, 2026 - 07:12 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल में शुष्क मौसम के बीच सुबह और शाम की ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। आलम यह है कि पहाड़ों की रानी शिमला के मुकाबले राज्य के मैदानी और निचले इलाकों की रातें ज्यादा सर्द हो गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 9 शहरों का रात का तापमान 5 डिग्री सैल्सियस से नीचे चला गया है, जबकि 21 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या उससे नीचे दर्ज किया गया है। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो शिमला शहर का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सैल्सियस और कुफरी का 9.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है।

इसके विपरीत मैदानी और निचले क्षेत्रों में रात को कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सोलन में न्यूनतम तापमान 5, सुंदरनगर में 5.4, मंडी में 6.2, बिलासपुर में 7.5, ऊना में 7.3 और कांगड़ा में 7.9 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी राज्य में सबसे ठंडा बना हुआ है, जहां तापमान माइनस 4.1 डिग्री सैल्सियस तक लुढ़क गया है। इसके अलावा केलांग में माइनस 1.5, मनाली में 2.8, कल्पा में 3.0, बजौरा में 3.4 और भुंतर में 3.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 26 नवम्बर तक पूरे प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। आगामी एक सप्ताह तक मैदानी, मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। अगले 4 से 5 दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं और न ही किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी की गई है। पोस्ट मानसून सीजन में बारिश न होने से सूखे जैसे हालात बनते जा रहे हैं। 1 से 19 नवम्बर के बीच हिमाचल में सामान्य (10.6 मिलीमीटर) के मुकाबले मात्र 3.1 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 70 प्रतिशत कम है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News