कुल्लू में रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा: देखें कैसे पहाड़ से लुढ़कते हुए आई कार

punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 04:55 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल की हसीन वादियों में घूमने आए दिल्ली के एक परिवार के लिए रविवार की शाम किसी डरावने सपने जैसी रही, लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं छोड़ा। कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल के 'जीभी' में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली दुर्घटना हुई, जहाँ एक अनियंत्रित कार पहाड़ी के ऊपरी रास्ते से पलटते हुए नीचे की मुख्य सड़क पर आ गिरी। रोंगटे खड़े कर देने वाले इस हादसे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला?

बीते रविवार, 15 मार्च की शाम दिल्ली नंबर की एक कार जीभी की ढलान वाली सड़क से गुजर रही थी। अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सड़क से नीचे की ओर लुढ़कने लगी। चश्मदीदों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार कार पहाड़ी के ऊंचे हिस्से से कलाबाजियां खाते हुए नीचे वाली सड़क पर जा गिरी। इस भयानक पल के दौरान कार में मौजूद एक महिला वाहन से बाहर की ओर छिटक गईं, जिससे उनकी जान बच गई।

जब कार नीचे सड़क पर जाकर थमी, तो उसके भीतर से एक मासूम बच्चे की चीखने की आवाजें सुनाई देने लगीं। वह मदद के लिए गुहार लगा रहा था। शोर सुनते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े। एक व्यक्ति ने फुर्ती दिखाते हुए गाड़ी के पास पहुँचकर अंदर फंसे बच्चों और अन्य सदस्यों को बाहर निकाला।

किसी को नहीं आई गंभीर चोट

इस पूरी घटना में सबसे राहत की बात यह रही कि कार के परखच्चे उड़ने के बावजूद, अंदर सवार दो बच्चों सहित पूरे पर्यटक परिवार को कोई जानलेवा चोट नहीं आई है। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित बताया जा रहा है। पहाड़ों पर ड्राइविंग के दौरान हुई यह चूक एक बड़े हादसे में बदल सकती थी, लेकिन समय रहते स्थानीय लोगों की मदद और किस्मत ने बड़ा अनर्थ टाल दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News