वीरभद्र ने सुक्खू पर साधा निशाना, बोले- PCC चीफ ने कांग्रेस संगठन को किया कमजोर

punjabkesari.in Tuesday, Feb 20, 2018 - 10:52 AM (IST)

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वर्तमान प्रदेश कांग्रेस संगठन पर बड़ा हमला बोला है। परिधि गृह हमीरपुर में आयोजित प्रैस वार्ता में वीरभद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान संगठन के नेतृत्व में आने वाले लोकसभा चुनाव को जीतना असंभव है और चुनाव कभी नहीं जीत सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू अभी नौजवान हैं तथा काफी समय से संगठन का संचालन कर रहे हैं लेकिन वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस संगठन कमजोर हुआ है तथा गुटबाजी हावी हुई है। उन्होंने कहा कि सब्र की भी हद होती है तथा अब संगठन में ब्लाक स्तर से ए.आई.सी.सी. तक ही बदलाव की जरूरत है। 


उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश संगठन में फर्जी चुनाव होते आए हैं तथा रातों-रात ही चुनाव का निर्धारित स्थल बदलकर संगठन के चुनाव करवाए जाते हैं। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि संगठन में ऊपर से लेकर नीचे तक कांग्रेस संविधान के मुताबिक चुनाव करवाकर पदाधिकारी चुने जाएं ताकि संगठन मजबूत हो सके। विधानसभा चुनावों में हार का ठीकरा अधिकतर वीरभद्र पर गिरने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सुक्खू का बस चले तो वह उनके सभी समर्थकों को संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दें। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह दफ्तर में बैठकर काम करने वाले सी.एम. नहीं थे। 


6 बार हिमाचल के मुख्यमंत्री रहे हैं तथा प्रदेश के चप्पे-चप्पे से वाकिफ हैं तथा लोगों की नब्ज जानते हैं। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री जयराम के उस बयान पर कही जिसमें उन्होंने कहा था कि विस चुनाव के नजदीक पूर्व सी.एम. वीरभद्र सिंह ने जल्दबाजी में शिमला से ही कई स्कीमों के शिलान्यास कर दिए थे। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों पर जयराम झूठ बोलकर लोगों को सिर्फ बरगला रहे हैं जबकि हकीकत यह है कि कांग्रेस राज में जितने भी स्कूल व कालेज खोले या अन्य स्कीमों के शिलान्यास किए, वे सब जनहित में ही फैसले लिए गए। 


वीरभद्र ने कहा कि गुड़िया कांड में भाजपा ने केवल राजनीतिक रोटियां सेंकी तथा हिमाचल को ही बदनाम करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि हमारी पुलिस अन्य राज्यों की तुलना में बेहद अनुशासित है और कर्तव्य परायण भी। उन्होंने कहा कि अभी भी ऐसे गलत मामले सामने आ रहे हैं, जिनके लिए केवल पुलिस या किसी पार्टी विशेष को दोष देना गलत है। ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए हम सबको आत्मचिंतन करने की जरूरत है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेश ठाकुर पूर्व मुख्यमंत्री की प्रैस वार्ता को बीच में छोड़ उठकर चले गए और उन्होंने इस प्रैस वार्ता से किनारा कर लिया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News