दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साले व क्योंथल रियासत जुन्गा के राजा वीर विक्रम सेन का निधन
punjabkesari.in Wednesday, Sep 29, 2021 - 06:06 PM (IST)

शिमला (योगराज/ब्यूरो): हिमाचल के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साले विक्रम सेन का बुधवार को शिमला में निधन हो गया। जानकारी के अनुसार वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। 54 साल की उम्र में उन्होंने आईजीएमसी में अंतिम सांस ली। शिमला की क्योंथल रियासत जुन्गा के राजा वीर विक्रम सेन पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे, बताया जा रहा है कि सुबह उनकी अचानक तबीयत बिगडऩे से आईजीएमसी ले जाया गया था, जहां उनका निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। अस्पताल में अंतिम सांस लेने के बाद उनका पार्थिव शरीर जुन्गा स्थित पैतृक निवास ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार वीरवार को राज परिवार के रीति रिवाज के अनुसार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व विक्रमादित्य ने जताया शोक
क्योंथल रियासत और जुन्गा के राजा वीर विक्रम सेन के निधन पर प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वहीं वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने अपने मामा के निधन पर शोक जताया। फेसबुक पर विक्रमादित्य सिंह ने लिखा कि हमारे मामा वीर विक्रम सेन के आकस्मिक निधन के बारे में जानकर हम स्तब्ध हैं, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। इसके साथ कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने विक्रम सेन के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।
प्रैस क्लब शिमला व नैशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट ने जताया शोक
क्योंथल रियासत जुन्गा के राजा वीर विक्रम सेन के आकस्मिक निधन पर प्रैस क्लब शिमला के अध्यक्ष अनिल भारद्वाज सहित सभी पदाधिकारियों ने शोक व्यक्त किया है। इसके साथ नैशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट की हिमाचल विंग के प्रदेशाध्यक्ष रणेश राणा व महिला विंग अध्यक्ष प्रीति मुकुल सहित अन्य पदाधिकारियों ने शोक व्यक्त किया है और परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here