विनीत चौधरी होंगे हिमाचल के नए मुख्य सचिव, फारका को मिला ये पद

punjabkesari.in Saturday, Dec 30, 2017 - 10:55 PM (IST)

शिमला: प्रदेश सरकार ने वर्ष 1982 बैच के आई.ए.एस. अधिकारी विनीत चौधरी को नया मुख्य सचिव लगाया है। पूर्व कांग्रेस सरकार के समय में वरीयता सूची को दरकिनार करके मुख्य सचिव बनाए गए वर्ष 1983 बैच के आई.ए.एस. अधिकारी वी.सी. फारका को पद से हटा दिया है। उन्हें प्रधान सलाहकार आर.पी.जी. के पद पर तैनाती दी है, जो मुख्यमंत्री की देखरेख में काम करेंगे। फारका को पूर्व कांग्रेस सरकार के समय में जब मुख्य सचिव बनाया गया था तो वर्ष 1982 बैच के आई.ए.एस. अधिकारी दीपक सानन, विनीत चौधरी, उपमा चौधरी और प्रतिनियुक्ति पर गए ए.आर. सिहाग वरीयता सूची में उनसे आगे थे। इसके बावजूद सभी अधिकारियों को पछाड़ते हुए फारका को मुख्य सचिव पद दिया गया था। उस समय सरकार से नाराज वरिष्ठ आई.ए.एस. अधिकारी कैट (केंद्रीय प्रशासनिक ट्रिब्यूनल) की शरण में भी गए थे। 

अशोक शर्मा एडवोकेट जनरल नियुक्त
इसके अलावा प्रदेश सरकार ने अशोक शर्मा को प्रदेश का महाधिवक्ता (एडवोकेट जनरल) नियुक्त किया है। वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक शर्मा प्रदेश में केंद्र सरकार के मामलों की पैरवी के लिए असिस्टैंट सॉलिसिटर जनरल रह चुके हैं। हमीरपुर जिला के रहने वाले अशोक शर्मा ने करसोग में अपना घर बनाया है। शर्मा को श्रवण डोगरा की जगह महाधिवक्ता बनाया गया है जो हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में सरकार के मामलों की पैरवी करेंगे। 

बागवानी विभाग के निदेशक बने मोहिंद्र सिंह राणा
प्रदेश सरकार ने बागवानी विभाग के अतिरिक्त निदेशक मोहिंद्र सिंह राणा को नया निदेशक भी नियुक्त किया है। इसके अलावा पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डा. सुनील कुमार बेदी को विभाग का नया निदेशक बनाया गया है। इसी तरह शिशु धर्मा को मुख्यमंत्री का दूसरा ओ.एस.डी. लगाया गया है। इससे पहले महेंद्र धर्माणी को मुख्यमंत्री का पहला ओ.एस.डी. नियुक्त किया गया था। प्रदेश सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवा के संयुक्त सचिव महेश कुमार को भी पदोन्नति लाभ दिया गया है। उनको पदोन्नत करके अतिरिक्त सचिव (एडिशनल सैक्रेटरी) बनाया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News