Una: लैफ्टिनैंट कमांडर सूरज पराशर शौर्य चक्र से सम्मानित

punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 10:27 PM (IST)

ऊना (कंवर): देश की सुरक्षा के लिए समर्पित भारतीय नौसेना के वीर अधिकारी लै. कमांडर सूरज पराशर को उनकी असाधारण वीरता और कर्त्तव्यनिष्ठा के लिए देश के प्रतिष्ठित शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह में भारत की राष्ट्रपति एवं सशस्त्र सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

इस उपलब्धि से ऊना और नंगल क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। मूलत: ऊना जिला के चढ़तगढ़ गांव व वर्तमान में नंगल रेलवे रोड कालोनी के निवासी जांबाज लै. कमांडर सूरज पराशर को यह सम्मान जम्मू-कश्मीर में संचालित एक संयुक्त सैन्य अभियान के दौरान दिखाए गए अदम्य साहस और नेतृत्व क्षमता के लिए दिया गया। गौरतलब है कि 6 नवम्बर, 2024 को लै. कमांडर सूरज पराशर व उनकी टीम को जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में एक संयुक्त घेराबंदी एवं सर्च अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अभियान के दौरान एक घर में छिपे आतंकवादियों को घेर लिया।

इसी दौरान एक आतंकवादी ने सुरक्षा बलों की घेराबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए लै. कमांडर सूरज पराशर ने असाधारण साहस का परिचय देते हुए वहां छिपे दूसरे आतंकवादी को निशाना बनाया और अपने साथी जवानों को समय रहते आवश्यक सूचना भी दी। उनके त्वरित निर्णय और उठाए गए कदम के परिणामस्वरूप सुरक्षा बलों ने दोनों आतंकवादियों को मार गिराया तथा अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News