Una: अम्ब अंदौरा से कोलकाता के बीच गुरुमुखी एक्सप्रैस ट्रेन शुरू, सांसद अनुराग ठाकुर ने दिखाई हरी झंडी
punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 04:17 PM (IST)
ऊना/अम्ब (सुरेन्द्र/अश्विनी): अम्ब-अंदौरा से कोलकाता के बीच गुरुमुखी एक्सप्रैस ट्रेन शनिवार से शुरू हो गई है। शनिवार सुबह हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अम्ब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से विधिवत रूप से गुरुमुखी एक्सप्रैस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अम्ब-अंदौरा से यह ट्रेन शुरू होना क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और बहुप्रतीक्षित सौगात है। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में ऊना विस क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व मंत्री वीरेन्द्र कंवर, पूर्व विधायक बलवीर सिंह, पूर्व विधायक राजेश ठाकुर, पूर्व विधायक नवीन धीमान, भाजपा जिलाध्यक्ष शाम मिन्हास सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में चिंतपूर्णी एवं गगरेट विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचित भाजपा समर्थित जिला परिषद सदस्यों योगराज योगी, पवनजीत सिंह, अरुण लता, पवन कुमार नम्बरदार, आरती देवी, गुरुमुख सिंह, पंचायत समिति सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा नगर पंचायत अम्ब के नवनिर्वाचित पार्षदों ने सांसद अनुराग ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की व उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनी और स्थानीय प्रतिनिधियों की उपस्थिति में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विकास कार्यों को लेकर बैठक की।

