Una: साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को वापस मिले 8 लाख रुपए

punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 04:47 PM (IST)

ऊना (विशाल): साइबर अपराधों के विरुद्ध जिला पुलिस ऊना लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में 24 अप्रैल 2026 को जिला ऊना के अंतर्गत एक शिकायतकर्त्ता द्वारा 1930 राष्ट्रीय साइबर हैल्पलाइन के माध्यम से उसके साथ हुई 8 लाख रुपए की साइबर धोखाधड़ी से सम्बन्धित मामला साइबर सैल, जिला पुलिस ऊना में दर्ज करवाया था। शिकायत प्राप्त होते ही साइबर सैल जिला पुलिस ऊना द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक, वित्तीय संस्थानों एवं अन्य संबंधित एजैंसियों के साथ तत्काल समन्वय स्थापित किया गया। समयबद्ध एवं प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप धोखाधड़ी की पूरी 8 लाख रुपए की राशि सफलतापूर्वक होल्ड करवाकर शिकायतकर्त्ता को वापस दिलाई गई। एस.पी. सचिन हीरेमठ ने बताया कि साइबर सैल जिला पुलिस ऊना द्वारा माह जनवरी 2026 से आज तक साइबर धोखाधड़ी के शिकार कुल 155 शिकायतों में 23,50,996 रुपए की ठगी गई राशि सफलतापूर्वक वापस दिलाई जा चुकी है।

 यह उपलब्धि साइबर अपराधों के विरुद्ध जिला पुलिस ऊना की त्वरित एवं प्रभावी कार्यप्रणाली तथा संबंधित एजैंसियों के साथ बेहतर समन्वय का परिणाम है। जिला पुलिस ऊना आमजन से अपील करती है कि डिजिटल अरैस्ट के नाम पर किसी भी फोन कॉल, वीडियो कॉल या ऑनलाइन माध्यम से डराने-धमकाने, पूछताछ करने अथवा धनराशि ट्रांसफर करने के निर्देश दिए जाने पर उस पर विश्वास न करें। कोई भी पुलिस, सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग या अन्य सरकारी एजैंसी किसी व्यक्ति को फोन या वीडियो कॉल पर डिजिटल अरैस्ट नहीं करती। यदि आपके साथ ऐसी कोई घटना होती है, तो तुरंत कॉल काटें, किसी भी प्रकार की धनराशि ट्रांसफर न करें तथा तत्काल राष्ट्रीय साइबर हैल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि को सुरक्षित रखने और वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है। साइबर अपराधियों की नई-नई ठगी की तरकीबों से स्वयं भी सतर्क रहें और अपने परिवार एवं परिचितों को भी जागरूक करें।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News