वृंदावन नगरी में तब्दील हुआ ऊना शहर, श्री राधा कृष्ण मंदिर के वार्षिक सम्मेलन का शोभायात्रा से आगाज
punjabkesari.in Friday, Feb 04, 2022 - 03:53 PM (IST)

ऊना (अमित शर्मा) : उत्तरी भारत के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री राधा कृष्ण मंदिर कोटला कलां का वार्षिक धार्मिक समागम आज भव्य शोभायात्रा के साथ विधिवत रूप से आरंभ हुआ। इस दौरान ठाकुर जी की पालकी की अगुवाई में हजारों श्रद्धालुओं ने इस शोभायात्रा में भाग लिया। हिमाचल प्रदेश के कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर और वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने पालकी को उठाकर शोभा यात्रा का आगाज किया। श्री राधा कृष्ण मंदिर के अधिष्ठाता एवं राष्ट्रीय संत बाल जी महाराज ने भी हजारों श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। आज निकाली गई शोभायात्रा से जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्र पूरी तरह से मिनी वृंदावन में तब्दील हो गए। हर तरफ हरे कृष्णा और राधे-राधे के उद्घोष से माहौल भक्ति पूर्ण बना रहा।
ऊना जिला मुख्यालय के साथ लगते कोटला कलां स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में प्रतिवर्ष होने वाले वार्षिक सम्मेलन का विधिवत आगाज शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा के साथ किया गया। जहां इस शोभायत्रा का शुभारंभ कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर, वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती और औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने ठाकुर की पालकी उठाकर किया। ऊना सदर के विधायक सतपाल रायजादा भी पालकी उठाकर शोभायात्रा में शामिल हुए। ठाकुर जी की पालकी के नेतृत्व में निकली इस शोभायात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने कलश धारण कर यात्रा की अगवानी की। शोभा यात्रा के दौरान विभिन्न देवी देवताओं की झांकियों, नर्तक दलों के साथ-साथ बैंड पार्टियां और श्रद्धालुओं की कई जत्थे बंदियों भजन कीर्तन एवं नृत्य करते हुए शामिल हुई। इस शोभायात्रा में सत्ता एवं विपक्ष से भी कई नेताओं ने हिस्सा लिया। शोभायत्रा का शुभारंभ करने पहुंचे कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवी देवताओ और ऋषि मुनियों की धरती है। उन्होंने कहा कि श्री राधा कृष्ण मंदिर आश्रम के अधिष्ठाता एवं राष्ट्रीय संत बाल जी महाराज क्षेत्र में धर्म जागरण की लौ को जलाकर रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्हीं के सानिध्य में क्षेत्र में धर्म कर्म का आयोजन भी किया जाता है।