बारिश के कारण घंटों यातायात के लिए बाधित रहे सलूणी व चुराह के दो मार्ग

punjabkesari.in Friday, Jul 08, 2022 - 04:59 PM (IST)

भड़ेला (चुनी लाल): बारिश के कारण जिले के सलूणी व चुराह उपमंडल के दो संपर्क मार्ग यातायात के लिए बाधित रहे। इससे क्षेत्रवासियों को मुश्किलें उठानी पड़ीं। सलूणी का चकोली-लडेर मार्ग करीब 5 घंटों तक बाधित रहा। जोकवानी के समीप सड़क पर मलबा आने से यह मार्ग अवरूद्ध हुआ था। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही सुबह लोक निर्माण विभाग द्वारा मौके पर मशीनरी भेजी गई और मार्ग को बहाल कर दिया। इसके अलावा लोक निर्माण मंडल चुराह का लडेर-हिमगिरी मार्ग दोपहर 12 बजे बहाल हो पाया। यहां पटोलु नाला, कुंडी नाला, शुरनाला व जंगलाला के समीप मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा आ गया था।

इसके कारण यह मार्ग करीब आठ घंटे बाधित रहा। मार्ग खुलने के बाद बसें व अन्य वाहनों गंतव्य की ओर रवाना हो सके। बारिश की वजह से मार्ग बंद रहने से बसें समय पर अपने रूट पर नहीं दौड़ पाई। वहीं मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही, जिससे वाहन चालकों सहित राहगीरों को काफी मुश्किलें झेलनी पड़ी। उधर, लोक निर्माण मंडल सलूणी अनुभाग डियूर के जे.ई. सुनील कुमार ने बताया कि मलबे की बजह से बंद पड़े चकोली-लडेर मार्ग को बहाल कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग नकरोड़ के एस. डी. ओ. शैलेश राणा ने बताया कि हिमगिरी-लडेर मार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन होने से मलबा सड़क पर आ गया था, जिसे मशीनरी द्वारा हटा कर मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kaku Chauhan

Recommended News

Related News