Sirmour: कार से चिट्टा लेकर जा रहे 2 गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 06:41 PM (IST)
नाहन (आशु): सिरमौर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और कार्रवाई करते हुए थाना रेणुका जी क्षेत्र में एक कार से हैरोइन बरामद की है। पुलिस ने मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार थाना रेणुका जी की पुलिस टीम खदाल मंदिर मोड़ के पास गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि 2 व्यक्ति कार में नाहन की ओर से चिट्टे की खेप लेकर रेणुका जी की तरफ आ रहे हैं। पुलिस ने खदाल मंदिर से आगे नाहन-रेणुका जी सड़क पर नाकाबंदी कर दी। नाके के दौरान संदिग्ध कार को रोककर जांच की गई।
पूछताछ में कार चालक ने अपनी पहचान रोहित परमार पुत्र स्व. शिवपाल निवासी गांव एवं डाकघर ददाहू के रूप में बताई। वहीं कार में साथ बैठे दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम बलिन्द्र सिंह पुत्र पृथ्वी सिंह निवासी गांव खेना, डाकघर कंगटा फलग, तहसील ददाहू, जिला सिरमौर बताया। कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड में रखे सिगरेट के पैकेट से 6.95 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया में जुटी है।

