Una News: गौवंश को बचाते डिवाइडर से टकराकर पलटा ट्रक, सड़क पर बिखरा कचरा

punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 04:34 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): ऊना-नंगल राष्ट्रीय राजमार्ग पर देहलां के समीप शुक्रवार सुबह अचानक सड़क पर आए गौवंश को बचाने के चलते ट्रक अनियंत्रति होकर सड़क पर पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें लदा कचरा सड़क पर बिखर गया जिससे यातायात प्रभावित हो गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसे प्राथमिक उपचार दिया गया।

घटना शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। ट्रक चालक के अनुसार वह चम्बा से कालका के लिए जा रहा था तो देहलां के निकट बेसहारा पशु आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकराकर दूसरी तरफ पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना मैहतपुर की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से सड़क के पीछे बैरिकेडिंग कर यातायात को हाईवे की दूसरी लाइन में डायवर्ट किया। ट्रक के सड़क से हटाने और बिखरे कचरे को साफ करने का कार्य कई घंटों तक चलता रहा।

जिसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। सुबह करीब साढ़े 9 बजे के बाद सड़क को यातायात के लिए पूरी तरह खोल दिया गया। एसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि मैहतपुर पुलिस थाना से मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों द्वारा इस संबंध में कार्रवाई की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News