भयानक हादसा: शिमला के निगम विहार में सेब की बोरियों से लदा ट्रक पलटा, चालक-परिचालक घायल
punjabkesari.in Sunday, Sep 28, 2025 - 12:46 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शहर के व्यस्ततम इलाकों में से एक निगम विहार के पास सेब की बोरियों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में ट्रक के चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टरों के अनुसार चालक की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक हरियाणा नंबर का यह ट्रक नारकंडा की ओर से सेब की सैंकड़ों बोरियां लोड करके आ रहा था। सुबह 5 बजे जब ट्रक निगम विहार के पास पहुंचा तो अचानक चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण ट्रक सड़क से नीचे लुढ़क कर मंदिर परिसर में पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक में लदी सेब की बोरियां भी इधर-उधर बिखर गईं। गनीमत रही कि ट्रक मंदिर परिसर में लगे पेड़ाें से अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हादसे पता चलते ही स्थानीय लोग और पास से गुजर रहे वाहन चालक तुरंत मदद के लिए दौड़े। पुलिस और बचाव दल भी फौरन मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को ट्रक के क्षतिग्रस्त कैबिन से बाहर निकाला। उन्हें फौरन 108 एंबुलैंस के जरिए आईजीएससी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि परिचालक की हालत स्थिर है, लेकिन चालक काे गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं पुलिस द्वारा हादसे के कारणाें का पता लगाया जा रहा है।