Kullu: मनाली में पर्यटकों ने चलती गाड़ी से बाहर निकलकर मचाया हुड़दंग, पुलिस ने ऐसे सिखाया सबक
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 05:56 PM (IST)
कुल्लू (संजीव): पर्यटन नगरी मनाली में यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले पर्यटकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। ताजा मामले में कुल्लू-मनाली नैशनल हाईवे पर चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर हुड़दंग मचाने वाले पर्यटकों का पुलिस ने ऑनलाइन चालान काटा है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में महाराष्ट्र नंबर की टाटा हैरियर कार (एमएच 02एफवाई-1802) में सवार पर्यटक चलती गाड़ी की सनरूफ से बाहर निकलकर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे थे।

डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस को लगातार इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं जहां पर्यटक चलती गाड़ियों की खिड़कियों और सनरूफ से बाहर निकलकर फोटो खींचते और शोर मचाते हैं। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान कर ली गई है। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित वाहन का 2500 रुपए का चालान काटा गया है। उन्होंने पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

