कल कोर्ट में पेश किया जाएगा 40 लाख की ठगी का मुख्य आरोपी

punjabkesari.in Monday, May 09, 2022 - 05:25 PM (IST)

चम्बा (काकू): स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत कर्मचारी के खाते से 40 लाख रुपए उड़ाने के मुख्य आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने 6 मई को आरोपी करन तनेजा (33) पुत्र जोगिंद्र को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया था। इसके बाद अदालत पेश करने पर 10 मई तक पुलिस रिमांड में भेज दिया गया था। उधर, पुलिस ने मामले में संलिप्त फरार चल रहे एक और मुख्य आरोपी को पकडऩे के लिए जाल बिछा रखा है। जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा। ओम प्रकाश पुत्र वद्री राम निवासी गांव मलकौता भरमौर जिला चम्बा ने 30 जून 2020 को पुलिस थाना भरमौर में दर्ज शिकायत में बताया था कि 19 फरवरी 2020 को उसने पी.एन.बी. शाखा चम्बा से घर के काम के लिए 50000 रुपए निकाले थे।

इसके बाद 29 जून को फिर से बैंक आया और पैसे निकाले के लिए निकासी पत्र भरा, लेकिन उसके खाते में सिर्फ 995 रुपए ही थे जबकि खाते में लगभग 40 लाख रुपए की रकम होनी चाहिए थी। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। तफ्तीश में सामने आया कि 6 लोग बैंक शाखा चम्बा आए थे और उन्होंने अपना फोन नम्बर शिकायतकत्र्ता के खाते से लिंक करवाने के लिए आवेदन किया तथा शिकायत कर्ता का आधार कार्ड भी बैंक में जमा करवा दिया। इसके बाद सभी दिल्ली चले गए। वहां पर उन्होंने उतर प्रदेश की बैंक शाखा से नेट बैकिंग के लिए आवेदन किया। नेट बैंकिंग की चिट उतर प्रदेश की ब्रांच से प्राप्त की। इसके बाद दिल्ली आकर एक ज्वैलर से बात की। वहां से सोने की सिक्के खरीदे। नेट बैंकिंग से पैमेंट ट्रांसफर करते रहे।

जांच के दौरान पुलिस ने सी.सी.टी.वी. फुटेज को खंगाला। बैंक की फुटेज में 6 लोग संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने लाहड़ू बैरियर की सी.सी.टी.वी. फुटेज को भी चैक किया। इन दोनों फुटेज में बैंक में दिखाई दिए लोगों का गाड़ी चला रहे व्यक्ति के साथ मिलाप हो गया। इसके बाद पुलिस ने पालमपुर में छह लोगों को हिरासत में लिया। उनसे पूछताछ के बाद पता चला कि ठगी के मुख्य दो आरोपी और हैं, जिन्हें पकडऩे के लिए पुलिस ने जाल बिछाया और 6 मई को एक मुख्य आरोपी को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया। जबकि दूसरे आरोपी को पकडऩे का अभियान जारी है। डी.एस.पी. हैडक्वार्टर अभिमन्यु वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फरार आरोपी को पकडऩे के लिए जाल बिछा दिया है। जल्द आरोपी पुलिस हिरासत में होगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kaku Chauhan

Recommended News

Related News