ADR की रिपोर्ट में खुलासा, विधानसभा चुनावों में इन प्रत्याशियों ने किया सबसे ज्यादा खर्च

punjabkesari.in Saturday, Apr 22, 2023 - 11:45 PM (IST)

शिमला (संतोष कुमार): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने इस बार विधानसभा चुनाव में सबसे कम खर्च किया और न केवल चुनाव जीता अपितु मुख्यमंत्री के पद पर आसीन हुए। एसोसिएशन फार डैमोक्रेटिक रिफॉर्मज (एडीआर) और हिमाचल प्रदेश इलैक्शन वॉच ने राज्य के विधानसभा चुनाव के बाद 66 विधायकों के चुनाव खर्च के विवरण का विश्लेषण किया है जबकि 2 विधायकों के चुनाव खर्च का विवरण उपलब्ध न होने के कारण उनका विश्लेषण नहीं हो सका है। इस बार चुनाव में विधायकों के खर्च की सीमा 40 लाख रुपए थी, जिसके तहत चौपाल के विधायक बलवीर वर्मा ने 3692821 रुपए, सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार ने 3636912 रुपए व सराज के विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 3534033 रुपए खर्च किए। इसी क्रम में नादौन के विधायक एवं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने 1125554 रुपए, चम्बा के विधायक नीरज नैय्यर ने 1207146 रुपए और कुटलैहड़ के विधायक देविंद्र कुमार ने 1447643 रुपए की सबसे कम धनराशि चुनाव में खर्च की है। 

15 विधायकों का 50 प्रतिशत से कम चुनाव खर्च  
विश्लेषण किए गए 66 विधायकों में 15 विधायकों (23 प्रतिशत) ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में सीमा से 50 प्रतिशत से कम चुनाव खर्च किया है। राजनीति पार्टी के आधार पर भाजपा के 23 विधायकों का औसत खर्च 28.89 लाख रुपए है, जो चुनाव खर्च सीमा का 72.2 प्रतिशत है जबकि कांग्रेस के 40 विधायकों का औसत चुनाव खर्च 22.87 लाख रुपए बनता है जो निर्धारित चुनाव खर्च सीमा का 57.2 प्रतिशत बनता है जबकि निर्दलीय तीन विधायकों का चुनाव खर्च 20.87 लाख रुपए बनता है।

ये है खर्चों का अन्य विवरण
51 विधायकों ने स्टार प्रचारकों के साथ सार्वजनिक बैठकों, जुलूसों पर धन खर्च किया, जबकि 15 विधायकों ने ऐसा किसी प्रकार का धन खर्च नहीं किया। 64 विधायकों ने राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारकों के अलावा सार्वजनिक बैठकों व जुलूसों आदि पर धन खर्चा है, जबकि 3 विधायकों ने कोई धनराशि खर्च नहीं की है। 43 विधायकों ने इलैक्ट्रॉनिक्स/प्रिंट मीडिया के माध्यम से धन खर्चा है, जबकि 23 विधायकों ने कोई धनराशि खर्च नहीं की है। 51 विधायकों ने कार्यकत्र्ताओं द्वारा धन खर्चा है जबकि 16 विधायकों ने कोई व्यय नहीं किया। 63 विधायकों ने वाहनों के प्रयोग पर धन व्यय किया, जबकि 3 विधायकों ने कोई धन नहीं खर्चा। 3 विधायकों ने वर्चुअल अभियान पर धन खर्च किया और 63 विधायकों ने कोई भी राशि इस अभियान के माध्यम से खर्च नहीं की है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News