अर्की में कांग्रेस के बाद भाजपा में भी बगावत, पूर्व विधायक गोविंद राम ने किया ये ऐलान
punjabkesari.in Wednesday, Oct 06, 2021 - 09:59 PM (IST)

सोलन (पाल): अर्की में कांग्रेस के बाद भाजपा में भी बगावत हो गई है। अभी तक टिकट को लेकर बगावत का झंडा बुलंद करने वाले पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा ने बड़ा ऐलान किया है कि रत्न सिंह पाल को टिकट देने पर वे पार्टी के लिए प्रचार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि वीरवार को अर्की में अपने समर्थकों के साथ बैठक कर वे अगली रणनीति बनाएंगे। यदि समर्थकों का निर्णय चुनाव लड़ने का हुआ तो निर्दलीय चुनाव भी लड़ सकते हैं। हालांकि इस पर निर्णय वीरवार को ही लिया जाएगा। इस तरह से अर्की भाजपा में भी घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस में टिकट की घोषणा के बाद पूरी ब्लॉक कांग्रेस ने ही अपने पदों के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्याग पत्र दे दिया था। यही स्थिति अब भाजपा में भी पैदा हो गई है।
पूर्व विधायक का कई नेता कर रहे समर्थन
पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा का जिला परिषद सदस्य आशा परिहार व जिला परिषद सदस्य अमर सिंह ठाकुर सहित भाजपा के कई नेता समर्थन कर रहे हैं। कांग्रेस व भाजपा में हुई बगावत के बाद दोनों पार्टियों का नाराज धड़ा संयुक्त प्रत्याशी भी चुनावी रण में उतार सकता है। इसकी संभावना भी अब बनती जा रही है। पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा और उनके समर्थक रत्न सिंह पाल के टिकट का विरोध कर रहे हैं, लेकिन लगता है पार्टी हाईकमान ने पूर्व विधायक के विरोध को तवज्जो नहीं दी है। अब उन्हें भी अहसास हो गया है कि पार्टी रत्न सिंह पाल को टिकट दे रही है। यही कारण है कि उन्होंने अपने समर्थकों की अर्की में वीरवार को बैठक बुलाई है।
कांग्रेस के नाराज गुट की होगी महापंचायत
कांग्रेस में संजय अवस्थी को टिकट देने से नाराज गुट की वीरवार को अर्की में महापंचायत होगी। इस महापंचायत के माध्यम से यह गुट अपनी शक्ति का प्रदर्शन करने के साथ अपनी अगली रणनीति तय करेगा। अब निर्दलीय चुनाव लड़ना है या नहीं, यह महापंचायत में तय होगा। कांग्रेस प्रदेश सचिव राजेंद्र ठाकुर को टिकट न देने के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सामूहिक त्याग पत्र दे दिए हैं। इसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सतीश कश्यप को कांग्रेस ब्लॉक समिति का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। ब्लॉक समिति के साथ-साथ पंचायत विकास समिति के सदस्य, नगर पंचायत व कांग्रेस समॢथत पंचायत प्रधानों ने कांग्रेस की सदस्यता से त्याग पत्र दिया था। सबसे बड़ी बात यह है कि पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा और कांग्रेस के इस नाराज धड़े की अलग-अलग बैठक होगी।
रत्न सिंह पाल को सपोर्ट न करना मेरी मजबूरी : गोविंद राम
पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा ने कहा कि रत्न सिंह पाल को टिकट देने पर उन्हें सपोर्ट न करना उनकी मजबूरी है। उनके अलावा भाजपा किसी और को प्रत्याशी बनाती तो वे पार्टी के लिए प्रचार जरूर करते। वे अब अपने समर्थकों के साथ अर्की में बैठक करेंगे और अगली रणनीति बनाएंगे। इतना तय है कि वह रत्न सिंह पाल का समर्थन नहीं, बल्कि विरोध करेंगे। चुनाव लडऩा है या नहीं, यह वीरवार को ही तय करेंगे।
मैं निर्दलीय चुनाव नहीं लड़ूंगी : आशा परिहार
जिला परिषद सदस्य आशा परिहार ने स्पष्ट कर दिया है कि वह निर्दलीय चुनाव नहीं लड़ेंगी। पार्टी यदि टिकट देती तो वह चुनाव लडऩे को तैयार थीं। वह टिकट के लिए पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा के समर्थन में थीं।
महापंचायत में कांग्रेस विचारधारा के लोग ही शामिल होंगे : रूप सिंह ठाकुर
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से त्याग पत्र देने वाले रूप सिंह ठाकुर ने बताया कि उनकी महापंचायत वीरवार को अर्की में होगी। इसमें कांग्रेस विचारधारा के लोग ही शामिल होंगे, जो संजय अवस्थी के टिकट का विरोध कर रहे हैं। इस महापंचायत में ही अगली रणनीति तय की जाएगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here