धर्मशाला में जगह नहीं तो कांगड़ा में हो सी.यू. भवन का निर्माणः काजल
punjabkesari.in Sunday, Sep 05, 2021 - 11:48 AM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा) : विधायक पवन काजल ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय निर्माण के लिए अगर धर्मशाला में जगह उपलब्ध नहीं है तो प्रदेश सरकार कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में इस विश्वविद्यालय का निर्माण करवाए। उन्होंने कहा कि केंद्र की पूर्व यू.पी.ए. सरकार ने कांगड़ा के नाम पर केंद्रीय विश्वविद्यालय को स्वीकृति प्रदान की है। बेहतर होगा धर्मशाला के बजाय कांगड़ा में इस विश्वविद्यालय के प्रशासनिक व अन्य शैक्षणिक भवनों का निर्माण करवाया जाए।
विधायक काजल ने कहा कि कांगड़ा नगर के साथ लगती जमानाबाद पंचायत और कई क्षेत्रों में 200 कनाल से अधिक सरकारी भूमि खाली पड़ी है। एयरपोर्ट बिल्कुल नजदीक है, रेल लाइन भी साथ है और अंतर्राज्यीय बस अड्डे के साथ लगती इस भूमि पर केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण होने से कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में विकास के चार चांद लगेंगे। कांगड़ा में सेंट्रल यूनिवर्सिटी का निर्माण होने से शाहपुर व साथ लगते क्षेत्रों की जनता को भी राहत मिलेगी। काजल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के रानीताल में जल शक्ति विभाग का उप मंडल कार्यालय और ठाकुरद्वारा में कनिष्ठ अभियंता कार्यालय व राजकीय डिग्री कॉलेज तकीपुर में साइंस विषय की कक्षाएं शुरू करवाने पर विशेष आभार जताया। उन्होंने सी.एम. से जनहित में कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग का मंडल कार्यालय भी शीघ्र शुरू करने की मांग की।