हिमाचल में ठंड ने दी दस्तक! जानिए 2 नवंबर तक कैसा रहेगा मौसम ?
punjabkesari.in Monday, Oct 27, 2025 - 03:38 PM (IST)
हिमाचल डेस्क। हिमाचल में मौसम ने करवट ली है, जहां हिमाचल प्रदेश के निवासियों को अब रातों में बढ़ती ठंड का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से मैदानी क्षेत्रों में रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जिससे वहां के लोग अब ठंड का अहसास करने लगे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि बीती रात राज्य की राजधानी शिमला की तुलना में ऊना, भुंतर, सोलन, सुंदरनगर और पालमपुर जैसे मैदानी जिले कहीं अधिक ठंडे रहे। वहीं, प्रदेश की राजधानी शिमला समेत कई हिस्सों में दिन के समय अच्छी धूप खिली हुई है, जो मौसम को सुहावना बना रही है।
मौसम विभाग, शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में 2 नवंबर तक मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है। साथ ही, अगले तीन-चार दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा फेरबदल होने की संभावना नहीं है।
एक महत्वपूर्ण जानकारी यह भी सामने आई है कि मानसून के बाद के मौसम (पोस्ट मानसून सीजन) में, 1 से 27 अक्टूबर तक, हिमाचल प्रदेश में सामान्य से 183 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान बिलासपुर जिले में तो सामान्य से 635 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई, जो रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी है।

