Shimla: एचपीयू में शिक्षकाें-कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ किया प्रदर्शन, जानें क्या है वजह
punjabkesari.in Tuesday, Mar 04, 2025 - 09:25 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): मासिक वेतन समय पर जारी न होने के विरोध में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में शिक्षकों व कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। शिक्षकों व कर्मचारियों ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक कल्याण संघ (हपुटवा) के बैनर तले मंगलवार को कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के माध्यम से रोष व्यक्त करते हुए मासिक वेतन शीघ्र जारी करने की मांग की। इस दौरान हपुटवा के अध्यक्ष डाॅ. नितिन व्यास ने कहा कि यह कैसा व्यवस्था परिवर्तन है कि न तो वेतन समय पर मिल रहा है और न ही प्रमोशन। ऐसी स्थिति पहली बार उत्पन्न हुई है। धरने को संबोधित करते हुए गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने समय पर वेतन जारी न होने पर विश्वविद्यालय प्रशासन की निंदा की। वहीं कर्मचारी नेता प्रेम राज ने भी विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और कहा कि प्रशासनिक अधिकारी सवेंदनशीलता को खो चुके हैं। इस धरने को यूनिवर्सिटी कोर्ट सदस्य सुरेश और कर्मचारी नेता नरेश कुमार, पैंशनर्स संघ के अध्यक्ष पीसी चंदेल, हपुटवा के महासचिव डाॅ. अंकुश भारद्वाज, डाॅ. अशोक बंसल ने भी संबोधित किया।
प्रदर्शन के बाद शाम को वेतन जारी
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय मेें शिक्षकों व कर्मचारियों के संयुक्त प्रदर्शन के बाद मंगलवार को शाम के समय वेतन जारी हो गया। हालांकि कर्मचारी व शिक्षक मांग कर रहे हैं कि इस तरह की स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए व्यवस्था को सुधारा जाए। उधर, महीने की 1 तारीख के बजाय 4 तारीख को वेतन जारी होने पर कर्मचारियों में रोष है और गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप कुमार व पूर्व महासचिव कुलदीप कुमार के अलावा हपुटवा के पूर्व महासचिव प्रो. सुनील मनकोटिया ने इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है और मांग की है कि भविष्य में वेतन समय पर जारी किया जाए।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here