दर्जी को ब्यास नदी में तैरती मिली ये अद्भुत वस्तु, लोग कर रहे पूजा-अर्चना

punjabkesari.in Saturday, Aug 18, 2018 - 06:42 PM (IST)

नादौन: विकास खंड ज्वालामुखी की पंचायत लुथान में एक व्यक्ति को ब्यास नदी से एक तैरती हुई शिला मिली है। यह शिला अब उसके घर पानी में तैर रही है जबकि काफी संख्या में लोग इसे देखने आ रहे हैं। लोग इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं जबकि काफी लोग इसकी रामशिला के तौर पर पूजा-अर्चना भी कर रहे हैं। पूर्व प्रधान पंडित जगत राम ने बताया कि सुधंगल गांव में दर्जी का काम करने वाला अर्जुन नदी से सुबह लकड़ी पकड़ने गया था। ब्यास नदी में उस दिन काफी पानी था, जिसके चलते कई चीजें अर्जुन के आसपास तैर रही थीं। अर्जुन की नजर अचानक एक पत्थरनुमा अंडाकर गोले पर पड़ी, जोकि अर्जुन के इर्द-गिर्द कई चक्कर लगा रहा था। अर्जुन ने पहले उसे लकड़ी का कोई टुकड़ा मानकर पकड़ा परंतु जब उसका वजन देखा तो उसे हैरानी हुई कि आखिर इतना भारी पत्थर पानी में कैसे तैर रहा है।

पत्थर को उठाकर ले आया घर
अर्जुन ने उस पत्थर को उठाया तथा अपने घर ले आया। अपने पारिवारिक सदस्यों के अलावा जब उसने उसे स्थानीय लोगों को दिखाया तो लोगों ने उसे बाल्टी में भी तैराकर देखा जिससे यह अद्भुत वस्तु बाल्टी में भी तैरने लगी। देखते ही देखते आसपास के लोग भी आने लगे व इसे रामशिला मानकर पूजा-अर्चना करने लगे।

अर्जुन के घर लगा लोगों का तांता
पूजा का यह सिलसिला बदस्तूर जारी है, जिससे अर्जुन के घर में आने वालों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। लोगों ने प्रशासन से भी मांग की है कि आस्था का प्रतीक समझी जा रही इस अद्भुत वस्तु के बारे में जानकारी जुटाएं व इसे सहेज कर रखने का प्रावधान करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News