सीसीटीवी फुटेज में हुआ खुलासा, वोल्वो बस की टक्कर से हुई थी वृद्ध की मौत

punjabkesari.in Monday, Jan 16, 2017 - 09:22 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी) गत 12 जनवरी को संदेहास्पद परिस्थितियों में ट्रक के नीचे 74 वर्षीय वृद्ध के शव बरामदगी मामले में पुलिस के हाथ कुछ महत्वपूर्ण तथ्य हाथ लगे हैं। माना जा रहा है कि यह हादसा दिल्ली से मनाली की ओर सुबह तकरीबन 6 बजे के आसपास निकलने वाली वोल्वो बस की चपेट में आने से हुआ है। गौर हो कि वीरवार को मनाली-चंडीगढ़ राजमार्ग पर एक खड़े ट्रक के पिछले दोनों और के टायरों के बीच में से वृद्ध का शव बरामद हुआ था। जोगी राम के सिर व शरीर के अन्य भागों में चोट के निशान थे। इसे घटनास्थल से कुछ दूरी तक घसीटा गया था। माना जा रहा था कि हत्या या दुर्घटना को अंजाम दिए जाने के उपरांत वृद्ध को घसीटते हुए ट्रक के नीचे फैंक दिया गया ताकि इसे ट्रक की चपेट में आने के संदेह के चलते हादसे का रूप दिया जा सके। जोगी राम नजदीक 100 फुट जिला ग्रामीण विकास अभिकरण मंडी के फार्म हाउस पर अकेला रहता था।

मूंगफली की रेहड़ी लगाता था
जोगी राम के दामाद राजकुमार व बेटी माया ने शव की पहचान के उपरांत हत्या की आशंका जताई थी। जोगी पिछले 3 माह से डीआरडीए के फार्म हाऊस में रहता था। दिन के समय धनोटू में मूंगफली की रेहड़ी लगाता था। वह सुबह तड़के उठ जाता था। एस.पी. प्रेम कुमार का कहना है कि मामले की जांच के दौरान कुछ तथ्य हाथ लगे हैं। जिन्हें कब्जे में लेकर मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से छानबीन की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News