Mandi: कोर्ट में चल रहा है तलाक का केस और ऐसे रचा ली आरोपी ने 2 और शादियां

punjabkesari.in Friday, Jul 04, 2025 - 05:11 PM (IST)

सुंदरनगर (सोढी): नेपाल की एक महिला ने उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी की उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत रद्द होने के बाद उसे 10 दिन बीत जाने के बाद भी गिरफ्तार न करने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने सुंदरनगर में शुक्रवार को प्रैस वार्ता में आरोप लगाए हैं कि वह नेपाल की रहने वाली है और वर्ष 2018 में सुंदरनगर के स्लाबकोट निवासी युवक ने उससे मंदिर में विवाह किया था। इसके बाद वह 3 साल तक आरोपी के घर में उसके माता-पिता की उपस्थिति में रही, लेकिन उसका नाम किसी भी सरकारी रिकार्ड में दर्ज नहीं कराया।

इस दौरान वह नेपाल चली गई और वहां बेटे को जन्म दिया। नेपाल में ही उसे आरोपी के किसी रिश्तेदार से पता चला कि उसका पति पहले से ही शादीशुदा है और उसका तलाक का केस चल रहा है। इसके बाद वह 6 माह के बच्चे के साथ वापस आरोपी के घर लौटी तो उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। महिला ने बताया कि वह तंग आकर फिर नेपाल चली गई और अब जब वापस लौटी तो पता चला कि आरोपी ने तीसरी शादी रचा ली है।

पुलिस आरोपी को नहीं कर पाई गिरफ्तार
पीड़ित महिला ने बताया कि जब उसने सुंदरनगर थाना में दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज करवाई तो आरोपी ने हिमाचल उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत ले ली। आरोपी ने न्यायालय में बेटे को जो अब 6 साल का है, को भी अपना मानने से इंकार कर दिया। जब उच्च न्यायालय ने डीएनए करवाया तो उसमें साबित हो गया कि बच्चा आरोपी का ही है, जिसके बाद न्यायालय ने आरोपी की अग्रिम जमानत रद्द कर दी।

26 जून, 2025 को जमानत रद्द होने के बाद 10 दिन से अधिक समय हो गया, लेकिन आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है और वह भूमिगत हो गया है। पीड़ित का कहना है कि उसने पुलिस के उच्च अधिकारियों से भी न्याय की गुहार लगाई है, लेकिन उसके नेपाली होने के कारण सुनवाई नहीं हो रही है। डीएसपी भारत भूषण ने बताया मामले संज्ञान में आया है और इसकी गंभीरता को देखते हुए गहनता से जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News