Mandi: सुंदरनगर में 134 ग्राम चिट्टे के साथ 2 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 07:30 PM (IST)

सुंदरनगर (सोढी): सुंदरनगर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उपमंडल के खुराहल गांव के 2 मुख्य चिट्टा सप्लायरों को 134 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है। चिट्टे के साथ धरे गए आरोपियों में से एक पर पहले से 6 मुकद्दमे दर्ज हैं, जबकि दूसरे आरोपी पर पहले भी चिट्टे का एक मुकद्दमा दर्ज है। चालू वर्ष 2026 में जिला मंडी में यह अब तक की सबसे बड़ी चिट्टे की बरामदगी बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सुंदरनगर पुलिस की टीम सोमवार को मुख्य आरक्षी हंसराज के नेतृत्व में जिसमें आरक्षी सतीश कुमार व कुलदीप शामिल रहे, उनके साथ डैहर क्षेत्र के अलसू चौक में नाकाबंदी पर तैनात थी।

इस दौरान चंडीगढ़ से आने वाली गाड़ियों की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान एक कार रोका गया, जिसमें 2 व्यक्ति सवार थे। तलाशी लेने पर उनकी कार में एक लिफाफा बरामद हुआ। जिसे खोलने पर उसमें चिट्टा पाया गया, मौके पर ही वजन करने पर इसकी मात्रा 134 ग्राम पाई गई। जिस पर पुलिस ने दोनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की शिनाख्त सुरेंद्र कुमार उर्फ खिन्दू (42) पुत्र रामशरण निवासी तथा रिंकू (33) पुत्र निरंजन दोनों निवासी गांव व डाकघर खुराहल तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है। इनमें से सुरेंद्र कुमार उर्फ खिन्दू के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी को लेकर 6 मुकद्दमे और रिंकू के खिलाफ पहले से एक मुकद्दमा दर्ज है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी क्षेत्र में चिट्टे के मुख्य सप्लायर बताए जा रहे हैं, जिन पर पुलिस लगातार नजर रखे हुए थी। सोमवार को दोनों आरोपी भारी मात्रा में चिट्टे के साथ धरे जाने से पुलिस को सफलता मिली है। डीएसपी भारत भूषण ने 134 ग्राम चिट्टा बरामद करने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में जिला मंडी में यह अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है और इससे कई युवाओं की जिंदगी बर्बाद होने से बचाई गई है। उन्होंने जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ जिला पुलिस की इस मुहिम में सहयोग करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News