एक वर्ष में बेसहारा पशु रहित होगा सुलह विधानसभा क्षेत्र : विपिन परमार

punjabkesari.in Thursday, Jun 24, 2021 - 08:18 PM (IST)

सुलह (ब्यूरो): एक वर्ष में सुलह विधानसभा क्षेत्र बेसहारा पशु रहित हो जाएगा। देवी पंचायत के नागनी में गौ अभ्यारण्य (काऊ सैंक्चुरी) बनाया जा रहा है जिसके लिए 1 करोड़ 17 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस गौ अभ्यारण्य में 600 पशु रखने की व्यवस्था होगी। यह जानकारी वीरवार को विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने बड़घवार पंचायत में 5 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सरवा, कनालपट्ट, रुमेहड़, भवारना, भाटी, समलैना सड़क का भूमि पूजन करने के उपरांत दी। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मनीश सहगल, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल पुरी, बीडीओ भवारना संकल्प गौतम, नायब तहसीलदार श्याम जरियाल सहित विभागीय अधिकारी और गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।

जल जीवन मिशन के तहत खर्च होंगे 3.94 करोड़ रुपए

परमार ने कहा कि सुलह हलके में जल जीवन मिशन के तहत 3 करोड़ 94 लाख रुपए से बड़घवार, भवारना, आरठ, चन्जेहड़ गांवों में पेयजल उपलब्ध करवाया जाएगा। 22 किलोमीटर नई पाइपलाइन बिछाकर बड़घवार, भवारना खास, आरठ, चन्जेहड़, सिहोल और मसेरणा गांवों को लाभान्वित किया जाएगा। सिविल अस्पताल को 50 बिस्तरों में स्तरोन्नत कर 24 करोड़ से नया भवन निर्मित किया जा रहा है और अस्पताल के लिए ऑक्सीजन प्लांट भी स्वीकृत किया गया है।

सड़कों के निर्माण और सुधारीकरण पर खर्च किए जा रहे 35 करोड़  रुपए

परमार ने कहा कि सुलह हलके की विभिन्न सड़कों के निर्माण और सुधार कार्य पर लगभग 35 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरवा, कनालपट्ट, रुमेहड़, भवारना, भाटी व समलैना सड़क मार्ग 5 पंचायतों के लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी। इस सड़क के बनने से हजारों लोगों को लाभ होगा और भवारना बाजार की दूरी भी कम होने से लोगों के समय और पैसे की बचत होगी। उन्होंने कहा कि मालग से मलाहू को जोडऩे के लिए लगभग 3 करोड़ से पुल और सड़क का निर्माण किया जाएगा।

58 लाभार्थियों को बांटी 14 लाख की राहत

विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री राहत कोष से लगभग 7 लाख रुपए की राशि के चैक 9 लाभार्थियों को वितरित किए। उन्होंने सतत् कृषि के लिए राष्ट्रीय मिशन योजना में 17 प्रगतिशील किसानों को सुधरी नस्ल के दुधारू पशु खरीदने के लिए लगभग 3 लाख 40 हजार अनुदान राशि के चैक वितरित किए। उन्होंने खड़ौठ में 32 लाभार्थियों को 3 लाख 64 हजार की सहायता राशि के चैक वितरित किए।

10 लाख से बनेगा बड़घवार पंचायत घर

परमार ने नई बनी बड़घवार पंचायत भवन के निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पंचायत में बच्चों को खेलने के लिए 4 लाख से पार्क निर्मित किया जा रहा है और इसमें 4 लाख से आधुनिक उपकरण भी स्थापित किए जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News