सोलन के मशहूर बोर्डिंग स्कूल में नौवीं के छात्र के साथ रैगिंग और मारपीट, 5 सीनियर स्टूडेंट सस्पेंड
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 10:14 AM (IST)
Solan News : सोलन जिले के एक प्राइवेट बोर्डिंग स्कूल में जूनियर छात्र के साथ रैगिंग और मारपीट करने के आरोप में पांच छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। वहीं, पांचों छात्रों को सस्पेंड कर दिया गया है।
पीड़ित और परिजनों ने लगाया ये आरोप
जानकारी के मुताबिक, मामला डगशाई इलाके में स्थित मशहूर बोर्डिंग स्कूल का है। शिकायत के अनुसार, 5 सितंबर को स्कूल के नौवीं कक्षा के एक छात्र को उसके हॉस्टल के कमरे से खींचकर बाहर निकाला गया और कुछ सीनियर छात्रों ने उसकी पिटाई की। पीड़ित और उसके माता-पिता का आरोप है कि इस घटना से डगशाई इलाके में स्थित इस मशहूर बोर्डिंग स्कूल के जूनियर छात्रों में डर का माहौल बन गया है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी सीनियर छात्र पिछले करीब चार महीनों से जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग, डराने-धमकाने, मारपीट और गाली-गलौज कर रहे थे। वहीं, पांचों छात्रों को सस्पेंड कर दिया गया है। सभी आरोपी स्टूडेंट्स पंजाब के रहने वाले हैं।
जांच जारी
शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ सीनियर छात्रों के पास हथियार हैं, जिससे पीड़ित छात्रों में डर और मानसिक तनाव पैदा हो रहा है। सोलन के पुलिस अधीक्षक साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर पांच छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और डगशाई पुलिस चौकी के इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस घटना से जुड़ी बातों की जांच कर रही है। एसपी वर्मा ने कहा कि शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है।

