स्कूल से घर लौट रही 8वीं की छात्रा का अचानक फिसला पैर, गहरी खाई में गिरी...मौत; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 04:27 PM (IST)

Shimla News: शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र के तकेलच में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां स्कूल से घर लौट रही एक 13 वर्षीय छात्रा की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।

घर लौट रही थी छात्रा

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा 23 फरवरी को हुआ। मृतका की पहचान कविता (13) पुत्री बिटू, निवासी गांव पाट दामिणी, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आठवीं कक्षा की छात्रा कविता स्कूल से अपनी पढ़ाई पूरी कर घर लौट रही थी। तकेलच क्षेत्र में रास्ते से गुजरते समय अचानक छात्रा का पैर फिसल गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर एक गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरने से उसके सिर में गंभीर चोटें आईं, जो जानलेवा साबित हुईं। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने छात्रा को गंभीर हालत में महात्मा गांधी मेडिकल सर्विस कॉम्प्लेक्स, खनेरी पहुंचाया। लेकिन, वहां तैनात चिकित्सकों ने गहन जांच के बाद कविता को मृत घोषित कर दिया।

इलाके में मचा हड़कंप

इधर, घटना की सूचना मिलते ही एएसआई सतविंद्र के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार, अभी पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आना बाकी है। वहीं, इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। 

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News