भयानक हादसा: चलती कार पर पहाड़ी से काल बनकर गिरी चट्टान, एक की गई जान...2 लोग घायल
punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 06:28 PM (IST)
सोलन/भराड़ीघाट (नरेश पाल): हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अंतर्गत आते नैशनल हाईवे-205 पर मंगलवार को एक खौफनाक हादसा पेश आया है। भराड़ीघाट के समीप दसेरन क्षेत्र में एक चलती कार पर अचानक पहाड़ी से एक भारी-भरकम चट्टान आ गिरी। इस हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को एक कार (HP 52A-7197 है) शिमला से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इस वाहन में कुल तीन लोग सवार थे। जैसे ही कार दसेरन क्षेत्र के पास पहुंची तो अचानक पहाड़ी से खिसकी एक बड़ी चट्टान सीधे कार के ऊपर आ गिरी। हादसा इतना भयानक था कि चट्टान की चपेट में आने कार बुरी तरह पिचक गई, जिसके चलते कार में बैठे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस के अनुसार इस हादसे में 63 वर्षीय अनिल बक्शी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जोकि छोटा शिमला के रहने वाले थे। वहीं, कार में सवार उनकी पत्नी 58 वर्षीय बिजेश्वरी बक्शी और बेटा 27 वर्षीय करण बक्शी घायल हो गए।
हादसे पता चलते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों व मृतक को दुर्घटनाग्रस्त कार से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल अर्की पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि जिस जगह पर यह हादसा पेश आया है, वहां इन दिनों फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य जोरों पर चल रहा है। निर्माण कार्य और कटिंग के कारण यहां पहाड़ियां कच्ची हो गई हैं, जिससे अक्सर पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर और घायलों के बयान दर्ज कर हादसे के संदर्भ में आगामी कानूनी कार्रवाई और विस्तृत जांच में जुट गई है।
एसडीएम अर्की निशांत तोमर ने कहा कि सरकार की ओर से त्वरित राहत के तहत हादसे में मृतक के परिवार को 25 हजार रुपए तथा घायलों को 5-5 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है। उन्होंने कहा की बुधवार को फोरलेन निर्माण कार्य में लगी गावर और आरके कम्पनी के प्रोजैक्ट मैनेजरों के साथ बैठक रखी गई है। बैठक में डेंजर जोन, खड़ी कटिंग और पहाड़ी से गिरने वाले पत्थरों को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। मानसून सीजन को देखते हुए जहां-जहां सुरक्षा की आवश्यकता होगी, वहां समय रहते आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

