हिमाचल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्क्रैप कारोबारी के गोदाम में मारी रेड; बरामद हुआ लाखों का चोरी का सामान
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 06:13 PM (IST)
Sirmour News : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में जल शक्ति विभाग की योजनाओं से चोरी हुए सामान के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर की गई कार्रवाई में एक स्क्रैप कारोबारी के गोदाम से लाखों रुपये के चोरी के उपकरण बरामद किए गए हैं।
चोरी का सामान बरामद
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही पांच आरोपित विशाल, हरपन, सुलेमान, प्रिंस और गगन को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनसे पूछताछ के आधार पर सुखचैनपुर निवासी मोहित, जो स्क्रैप का कारोबार करता है, की दुकान और गोदाम पर छापेमारी की गई, जहां से चोरी का सामान बरामद हुआ। इस दौरान पुलिस ने 3 नई मोटरें (कीमत लगभग ₹1.08 लाख), एक हाई-टेक स्टार्टर (कीमत करीब ₹3 लाख), एक ऑयल सर्किट ब्रेकर (कीमत ₹35 हजार), लोहे की रॉड, कटर, टूलकिट, बिजली के केबल के टुकड़े और चोरी का सामान ढोने में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की स्विफ्ट कार जब्त किए हैं।
क्या है मामला?
जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि जल शक्ति उपमंडल नाहन के सहायक अभियंता रोशन लाल की शिकायत पर सदर थाना में मामला दर्ज किया गया था। गिरोह ने 28 जनवरी से 21 फरवरी 2026 के बीच शंभूवाला, मालोंवाला, भूड़ और खजूरना क्षेत्रों को निशाना बनाया था। यहां की महत्वपूर्ण जल आपूर्ति योजनाओं से मोटर, पंप सेट, वाल्व और कीमती केबल चोरी कर लिए थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन पड़ताल की जा रही है।

