हिमाचल में और मजबूत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं, सीएम जयराम ने 30 नईं एम्बुलैंस को दिखाई हरी झंडी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 07, 2022 - 05:48 PM (IST)

शिमला (जस्टा): मरीजों की सुविधा के लिए प्रदेश को 30 नई एम्बुलैंस मिली हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला से प्रदेश के विभिन्न भागों के लिए एम्बुलैंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और एम्बुलैंस की निरंतर आवश्यकता के दृष्टिगत यह सुविधा मरीजों के लिए लाभदायक सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के दूरदराज और कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में लोगों को घर-द्वार के निकट बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि मरीजों को अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि 25 दिसम्बर, 2010 को राज्य में सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत राष्ट्रीय एम्बुलैंस सेवा शुरू की गई थी।

प्रदेश सरकार ने वर्ष 2019 में 46, वर्ष 2020 में 100 और वर्ष 2022 में 50 एम्बुलैंस जनता को समर्पित की हैं। इस प्रकार प्रदेश के लोगों की सुविधा के लिए राष्ट्रीय एम्बुलैंस सेवा 108 के अंतर्गत 196 एम्बुलैंस प्रदान की गई हैं। इसके अतिरिक्त जन कल्याण के लिए वर्ष 2020 में 10 जीवनधारा स्वास्थ्य एम्बुलैंस भी समर्पित की गईं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मुख्यमंत्री मोबाइल क्लीनिक योजना के अंतर्गत 10 वाहन उपलब्ध करवाए गए हैं और अभी तक जन कल्याण के लिए कुल 25 मुख्यमंत्री मोबाइल क्लीनिक वाहन प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में 248 एम्बुलैंस के माध्यम से सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इस दौरान प्रधान सचिव स्वास्थ्य सुभाशीष पांडा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक हेमराज बैरवा, निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग डाॅ. अनीता महाजन उपस्थित रहे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News