Himachal: रजनी पाटिल बोलीं-15 दिनों के भीतर हो जाएगा हिमाचल कांग्रेस का पुनर्गठन

punjabkesari.in Saturday, Mar 01, 2025 - 06:41 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल में कांग्रेस के नए सिरे से गठन की प्रक्रिया 15 दिनों के भीतर पूरी कर दी जाएगी। कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने शनिवार को प्रदेश पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी के गठन को लेकर क्षेत्रीय व जातीय सहित अन्य सभी पहलुओं को देखा जाएगा। इसके साथ ही महिलाओं व युवाओं को भी इसमें अहम स्थान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार अच्छा काम रही है लेकिन उसका प्रचार-प्रचार सही ढंग से नहीं हो रहा, जिस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।

केवल सत्ता सुख चाहती है भाजपा
रजनी पाटिल ने कहा कि भाजपा केवल सत्ता सुख चाहती है और इसी का परिणाम है कि जहां-जहां विरोधी दलों की सरकारें बनती हैं, वहां भाजपा ऑप्रेशन लोटस चलाती है। भाजपा झूठा प्रचार कर रही है कि हिमाचल कांग्रेस एकजुट नहीं है, जबकि यहां पूरी पार्टी एकजुट है तथा प्रदेश सरकार अच्छा काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में अब परंपरा बदलेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस जीत दर्ज कर फिर सत्ता में आएगी। रजनी पाटिल ने कहा कि हिमाचल में नई कार्यकारिणी के गठन में एक व्यक्ति एक पद का सिद्धांत लागू होगा।

प्रदेशाध्यक्ष को बदलना या न बदलना हाईकमान का क्षेत्राधिकार
रजनी पाटिल ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष को बदलना या न बदलना यह हाईकमान का क्षेत्राधिकार है। अभी केवल भंग कमेटियों के गठन की दिशा में काम हो रहा है। एक सवाल के जवाब में कहा कि महिला आयोग के अध्यक्ष पद को जल्द भर दिया जाएगा।

सभी को एडजस्ट करना संभव नहीं
बोर्ड व निगमों में ताजपोशी को लेकर पूछे सवाल पर रजनी पाटिल ने कहा कि सभी को सरकार में एडजस्ट करना संभव नहीं है। कुछ लोगों को बोर्ड व निगमों में नियुक्त किया गया है। सक्रिय अन्य चेहरों को सरकार में नियुक्ति मिले, यह मामला सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News